अमर उजाला ब्यूरो
दुलैहड़ (ऊना)।
जिला और प्रदेश की चर्चित विधानसभा क्षेत्र हरोली में 18 दिसंबर को आने वाले चुनाव नतीजों को लेकर शर्तों का दौर चरम पर है। इसी कड़ी में हरोली विधानसभा क्षेत्र में दोनों प्रमुख दलों के समर्थकों में रुपयों के साथ-साथ भैंस भी शर्त लग गई है। दोनों समर्थक अपने-अपने नेता की जीत को लेकर आश्वस्त हैं। पहले भी चुनावों में जीत हार को लेकर कई तरह की शर्तें चर्चा में हैं। कोई मूछों को दाव पर लगा रहा है तो कोई लाखों रुपये दांव लगा रहा है।
वोटों का जिन्न और उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद है जो 18 दिसंबर को खुलेगा। नाम न छापने की शर्त पर क्षेत्र के एक मतदाता ने बताया कि वह अपने प्रत्याशी की जीत को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं। उन्होंने गांव के ही एक अन्य व्यक्ति से चुनाव में अपने प्रत्याशी की जीत को लेकर शर्त लगा रखी है। अगर वह शर्त हारते हैं तो अपनी दुधारू भैंस उसके नाम कर देंगे। वहीं, अगर वह शर्त जीतते हैं तो दूसरा व्यक्ति अपनी भैंस उन्हें दे देगा।