ऊना। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव लालसिंगी में एक बेकाबू टिप्पर ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक परिचालक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान चमन लाल निवासी धुंधराला, अंब जिला ऊना के रूप में हुई है। हादसे के दौरान टिप्पर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब डेढ़ बजे एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा हुआ था। चालक लघुशंका के लिए गया हुआ था, जबकि परिचालक चमन ट्रक के अगले टायरों में हवा चेक कर रहा था। इतने में झलेड़ा से ऊना की ओर आ रहे टिप्पर ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के दौरान टायरों में हवा चेक कर रहा परिचालक टायर और एक्सेल के बीच में फंस गया। हादसे में ट्रक परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टिप्पर चालक टिप्पर को छोड़ मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक परिचालक के शव को निकाला और पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।