सात साल में नहीं बन पाया प्रशासनिक भवन
बंगाणा कॉलेज में पेश आ रही छात्रों को समस्याएं
बजट की कमी के चलते रुका भवन निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
लठियाणी(ऊना)।
बजट की कमी के चलते लंबे अरसे से बंगाणा कॉलेज में प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य लटका पड़ा है। पिछले सात वर्ष से प्रशासनिक भवन बनाने का कार्य शुरू किया था। वर्ष 2017 में भी इस भवन का कार्य पूरा होने की कोई आस दिखाई नहीं दे रही है। लोनिवि मंडल ने यह कार्य 2011 में एक ठेकेदार से शुरू करवाया था। प्रशासनिक भवन बनाने का कार्य का कार्य पूरा न होने के चलते बंगाणा कॉलेज में 1300 के लगभग बच्चों को पुस्तकालय, परीक्षा भवन, प्राचार्य भवन, फीस काउंटर समेत अनेकों सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। अध्यापक अभिभावक प्रबंधक समिति चेयरमैन डॉ. राम सिंह कुटलैहड़िया, उप प्रधान सरोज कुमारी एवं सदस्यों ने अपनी सभा में कछुआ चाल से चल रहे भवन निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने की मांग लोनिवि एक्सईएन बंगाणा से उठाई है। छात्र नेता पूजा, आशीष, नरेश, अभिषेक, अमन, राजू आदि ने अतिशीघ्र पूरा करने की मांग प्रशासन से की है। छात्रों का कहना है कि प्रशासन इस कार्य को जल्द पूरा नहीं करवाता है तो छात्र संगठन आंदोलन की राह पर उतरने में गुरेज नहीं करेंगे।
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राम स्वरूप कालिया ने कहा कि बजट की कमी के चलते कार्य में रुकावट आई थी। उन्होंने कहा कि अब बजट का प्रावधान हो चुका है, जल्द ही काम शुरू करवाया जाएगा।