दौलतपुर चौक (ऊना)। मुबारिकपुर-दौलतपुर चौक-मरवाड़ी सड़क पर वर्षों से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। इससे लोगों को आवागमन में समस्या आ रही है। लोगों को मानसिक एवं आर्थिक परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है।
सड़क के गड्ढों में पानी खड़ा होने से चारों ओर गंदगी फैल रही है। इससे यात्रियों के साथ-साथ राहगीरों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सत्ता संभालने के कुछ समय बाद ही 25 मार्च 2018 को खुद सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं सुधार कार्य का शिलान्यास किया था। इसके चार माह बाद भी न तो सड़क की टारिंग की गई न ही गड्ढे भरे गए हैं।
स्थानीय निवासी संजीव कुमार, रवि बंसल, विकास, रमेश चंद, जसवाल, विनोद, राज कुमार ने बताया कि मुबारिकपुर-दौलतपुर चौक-मरवाड़ी सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है। बार-बार लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। सड़क पर पड़े गड्डों से गाड़ियां गंदी हो रही हैं। लोगों ने सरकार से मांग की कि अगर बरसाती मौसम में सड़क के अप ग्रेडेशन का कार्य नहीं शुरू हो सकता तो कम से कम अस्थायी रूप से गड्ढे भरे जाएं।
इस बारे में एसडीओ लोनिवि बलदेव सिंह ने बताया कि स्टेट हाइवे-25 मुबारिकपुर-दौलतपुर चौक-मरवाड़ी सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं सुधार कार्य का टेंडर हो चुका है। उन्होंने कहा कि कुछ औपचारिकताएं पूरी की जानी हैं। इस बाबत वह खुद शिमला में प्रयास कर रहे हैं। एसडीओ ने कहा कि औपचारिकताएं पूरी होते ही सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं सुधार कार्य शुरू कर दिया जाएगा।