अमर उजाला ब्यूरो
मैहतपुर (ऊना)।
ऊना मंडल के डाक अधीक्षक सतपाल जसवाल ने लोगों से कहा कि डाक विभाग से जुड़कर छोटी-छोटी बचत से आप बड़े फायदे ले सकते हैं। विश्वास की मजबूत नींव पर टिका डाक विभाग देश भर में सबसे बेहतर विकल्प बन चुका है। लिहाजा बदले परिप्रेक्ष्य में आम जनता के लिए विभाग अनेक नई योजनाएं लेकर आ रहा है। शनिवार को आदर्श गांव देहलां में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में डाक अधीक्षक ने डाक कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों और अभिकर्ताओं और आम जनता से कहा कि विभाग में जमा-पूंजी कभी भी मरती नहीं बल्कि ब्याज सहित लोगों को उनका धन विभाग वापस लौटाता है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लाहौर से बंद खातों को मंगवाकर यहां देश के लोगों की पूंजी को विभाग ने वितरित करके इसकी मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि ऊना मुख्यालय में अब लोगों को आधार बनवाने, पैन नंबर लेने से लेकर सस्ते एवं गारंटी शुदा एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट और पंखों तक को खरीदने की सुविधा विभाग मुहैया करवा रहा है। पीएलआई एवं आरपीएल शिमला के विकास अधिकारी किशोर ठाकुर ने सांसद की ओर से गोद लिए आदर्श गांव देहलां में अगर ज्यादा से ज्यादा लोग विभाग की बीमा योजनाओं से जुड़ते हैं तो विभाग गांव के विकास में हाथ बंटाता है।
रजनीश कुमार ने बचत बैंक से संबधित जानकारी दी। डाक कर्मचारी संघ के परिमंडलीय सचिव एवं स्थानीय उपडाकपाल एचएस गुलेरिया ने सीमित संसाधनों के चलते बेहतर सुविधाएं देने की बात कही। इस मौके पर डाक निरीक्षक सन्नी भारद्वाज, पंचायत प्रधान देवेंद्र कौशल, उपप्रधान अनुराग वशिष्ठ, पंचायत सदस्यों समेत अनेक लोग मौजूद रहे।