अमर उजाला ब्यूरो
दौलतपुर चौक(ऊना)।
नगर पंचायत के मुबारिकपुर सड़क के किनारे चलेट गांव में लगाए जा रहे ट्रेड फेयर के विरोध में शनिवार को स्थानीय दुकानदारों ने प्रदर्शन कर जबरदस्त विरोध जताया। कुछ समय के लिए दुकानदारों ने व्यापार मंडल के नेतृत्व में सड़क पर बैठकर विरोध जताया। इससे कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही तक बंद रही। आरोप है कि यहां पर कुछ बाहरी व्यापारी एक बड़ा डोम लगाकर दुकानें सजा रहे थे। इसके लिए स्थानीय व्यापार मंडल की एनओसी तक नहीं ली गई थी।
डोम लगने की भनक मिलते ही शनिवार को लगभग 200 दुकानदारों ने एकजुटता दिखाई और व्यापार मंडल प्रधान प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में मौके पर पहुंच गए। दुकानदारों ने डोम में दुकानें न सजाने और किसी तरह की भी व्यापारिक गतिविधि न करने की चेतावनी दी। कुछ समय के लिए सड़क पर बैठकर विरोध जताया। इसकी सूचना मिलते ही गगरेट थाना प्रभारी एसएचओ बहादुर सिंह दल-बल सहित पहुंचे और दुकानदारों की दलीलों को सुना।
उन्होंने तुरंत प्रभाव से इस डोम को बंद करने का निर्देश दिया। एसएचओ बहादुर सिंह ने बताया कि प्रशासन स्थानीय जनता के साथ है और स्थानीय व्यापारियों के साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होगा। उन्होंने बताया कि दो पुलिस कर्मचारी ट्रेड फेयर के बाहर तैनात हैं ताकि कोई व्यापारिक गतिविधि न हो और कानून व्यवस्था भी बनी रहे। इस अवसर पर प्रमोद शर्मा, सतीश, मोनू, विक्की, विशाल शर्मा, पंकज, अवतार, केहर, आदर्श, संजू जसवाल, रोहित, वीरेंद्र आदि उपस्थित रहे।