ऊना। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में रक्तदान शिविर लगाया। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में आयोजित इस शिविर का शुभारंभ उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी ऊना के अध्यक्ष जतिन लाल ने किया।
शिविर में 40 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने स्वयं रक्तदान कर युवाओं को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उपायुक्त की पत्नी व जिला रेडक्रॉस सोसायटी अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्ष प्रो. डॉ. रेणु शेरावत भी उपस्थित रहीं। डीसी ने कहा कि रक्तदान महादान है। यह जीवन का सबसे बड़ा पुण्य है।
वहीं, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव संजय सांख्यान ने बताया कि उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा गरीब, जरूरतमंद लोगों की सेवा और कल्याण के लिए चलाई गतिविधियों एवं कार्यों की जानकारी दी। रक्तदान के पश्चात उपायुक्त ऊना परिवार सहित देहलां स्थित आश्रय विशेष विद्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने विद्यालय के विशेष बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म, पानी की बोतलें और अन्य उपयोगी सामग्री का वितरण किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि विशेष बच्चों की सहायता करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है और ऐसे प्रयासों से समाज में आपसी सहयोग की भावना को बल मिलता है। साथ ही उन्होंने बच्चों को रक्तदान के लिए प्रेरित भी किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. संजीव वर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव संजय सांख्यान, रेडक्रॉस के स्टेट पैटर्न सुरेंद्र ठाकुर, एडवोकेट सुरेश आदि युवाओं ने रक्तदान शिविर में बढ़चढ़ भाग लिया।