संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। गगरेट विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा पंडित हरिशाह दरबार अम्बोआ में 27वीं श्रीमद गो भागवत कथा आयोजित की जा रही है। वीरवार को गद्दीनशीन एवं मौजूदा सेवादार बाबा राकेश शाह की अगुवाई में शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
इसमें कथावाचक कृष्ण कन्हैया जोशी सहित सैकड़ों की तादाद में भागवत प्रेमियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। गो रक्षा के लिए निकाली इस शोभायात्रा का आयोजन हरिओम शिव मंदिर अम्बोआ से शुरू होकर अम्बोआ बाजार, नंगल जरियालां, अम्बोआ गांव की परिक्रमा करते हुए कथास्थल पंडित हरि चंद शाह दरबार अम्बोआ में पहुंची।
इसमें स्थानीय गांववासियों एवं दुकानदारों द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।
इस दौरान 108 महिलाओं ने पावन कलश उठाकर जयकारे लगाते हुए भक्त एवं श्रीकृष्ण भजनों पर नृत्य करते हुए कलाकार शोभायात्रा की सुंदरता को चार चांद लगा रहे थे। शोभायात्रा के दरबार में पहुंचने पर भक्तों ने लंगर का प्रसाद ग्रहण किया।
डेरा पंडित हरिशाह दरबार में भागवत कथा का 15 मई तक प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से 01:00 तक किया जाएगा।
वहीं, सायं 6 से 8 बजे तक श्रीराम कथा सुश्री कृष्णा भारद्वाज (वृंदावन से) के मुखारविंद से सुनाई जाएगी। प्रतिदिन प्रभातफेरी का आयोजन सुबह 05:00 बजे किया जाएगा।
इस मौके पर शोभायात्रा में कथावाचक कृष्ण कन्हैया जोशी, सनी खेड़ा राजेश कुमार, राजेश खेड़ा, प्रदीप दीर, देवन शर्मा, चरणजीत सिंह, नरेंद्र शर्मा, रजनी खेड़ा मोनू शर्मा, रीना शर्मा आदि ने उपस्थिति दर्ज करवाई।