ऊना। प्रदेश सरकार राज्य की 389 नवगठित पंचायतों में प्राथमिकता के आधार पर भवन उपलब्ध करवाने जा रही है। पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने यह जानकारी कुटलैहड़ विधानसभा की जसाणा पंचायत में 13 लाख से बने पंचायत भवन के लोकार्पण दौरान दी।
कंवर ने जसाणा की नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने आह्वान किया कि गरीब और जरूरतमंद की भलाई के लिए पांच वर्ष तक योजनाएं बनाएं और गांव के विकास के लिए समर्पित भावना से काम करें। उन्होंने कहा कि हाल ही में ऊना में आयोजित स्वर्ण जयंती ग्राम स्वराज सम्मेलन में एक नया कार्यक्रम ‘एक साल पांच काम’ शुरू किया है। इसके अंतर्गत एक साल में पंचायत में ऐसे पांच बड़े कार्य किए जाएंगे, जिसकी लागत 5 लाख से अधिक होगी। पंचायत इन कार्यों का चयन करके इनकी रूपरेखा तैयार करके सरकार को भेजेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार इन कार्यों के लिए उपयुक्त धनराशि उपलब्ध करवाकर काम भी करवाएगी। इसी तर्ज पर आगामी वर्ष में भी पंचायत 5 और नये कार्यों की डीपीआर सरकार को देगी। यह सिलसिला पंचायतों के पांच वर्ष के कार्यकाल पूरा करने तक जारी रहेगा। मंत्री ने कहा कि क्षेत्र की सड़कों पर 150 करोड़ रुपये तथा पेयजल परियोजनाओं पर 100 करोड़ से अधिक राशि व्यय की जा रही है। 110 करोड़ से बनने वाली मंदली लठियाणी पुल की डीपीआर तैयार की जा रही है। 50 करोड़ रुपये जलजीवन मिशन के तहत व्यय की जा रहे हैं। 15 करोड़ से कोडरा तूतड़ू पेयजल योजना का निर्माण शुरू हो चुका है। इसके अलावा 11 करोड़ की लागत से रामगढधार पेयजल योजना का कार्य अंतिम चरण में है।
उन्होंने बताया कि गत तीन वर्षों के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में 904 रास्तों का निर्माण तथा 12 आधुनिक मोक्ष धाम निर्मित किए हैं। इस मौके पर मीना कंवर, डीपीओ तिलक राज, बीडीसी चेयरमैन बंगाणा देवराज शर्मा, निदेशक हिमफेड चरणजीत शर्मा, निदेशक मिल्कफेड राजेंद्र मलांगड़, बंगाणा के प्रधान और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य विजय शर्मा, प्रधान ग्राम पंचायत अरलू महेंद्र राणा, छपरोह प्रधान सुनीता कुमारी, उपप्रधान करमाली शमशेर सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जसाणा में 12 लाख से बनेगा पंचवटी पार्क
इससे पहले जसाणा पंचायत प्रधान अनीता राणा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उपप्रधान और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष सूरम सिंह तथा मदन राणा ने मुख्यातिथि को पंचायत की समस्याओं और मांगों मे बारे में अवगत करवाया। इस अवसर कंवर ने विधायक निधि से पंचवटी पार्क बनाने के लिए 12 लाख रुपये, लिंक रोड लगरूंह माता मंदिर के लिए 5 लाख, लिंक रोड आबादी रूप लाल 3 लाख, निर्माण चारदीवारी खेल मैदान, लिंक रोड जसाणा बाल कृष्ण के घर तक 5 लाख, सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख, लिंक रोड पंचायत घर तक 5 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।