थानाकलां (ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लठियाणी में बुधवार को हिमाचल प्रदेश अग्निशमन सेवा विभाग बंगाणा की टीम ने अग्नि सुरक्षा जागरूकता एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की। इसमें 309 विद्यार्थियों और 34 स्टाफ सदस्यों सहित कुल 343 लोगों ने भाग लिया।
फायर सर्विस टीम में फायरमैन अंतर्यामी, तिलक राज, धीरज कुमार और चालक रणवीर सिंह शामिल रहे। टीम ने आग लगने के कारणों, विभिन्न प्रकार की आग, अग्निशमन यंत्रों के सही इस्तेमाल और आपात स्थिति में बचाव के तरीकों की जानकारी दी। इसके अलावा एलपीजी गैस सिलिंडर में आग लगने जैसी परिस्थितियों में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया।
कार्यशाला में मॉक ड्रिल के माध्यम से आग बुझाने का प्रदर्शन किया गया और विद्यार्थियों व शिक्षकों को अग्निशमन यंत्र चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।