ऊना। जिले में कोरोना कर्फ्यू के चलते शराब माफिया खूब चांदी कूट रहा है। जिले आए दिन कभी शराब ठेकों के बाहर तो कभी शराब माफिया के अड्डों से अवैध शराब की खेप पकड़ी जा रही है। हालांकि पुलिस प्रशासन से सहयोग के लिए पत्र लिखकर शराब ठेके सील करने का आग्रह किया था, लेकिन इसके बावजूद शराब ठेके सील नहीं किए गए।
एक ओर आबकारी एवं कराधान विभाग शराब माफिया पर कार्रवाई करने में सुस्त दिख रहा है, वहीं पुलिस ने शराब माफिया के अड्डों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई कर शराब माफिया के नाक में दम कर दिया है। पुलिस ने जिलाभर में विभिन्न जगहों पर कार्रवाई कर छह मई से लेकर 15 मई तक कोरोना कर्फ्यू के दौरान अब 48034 मिली देसी शराब की खेप और 165750 मिली अंगेजी शराब की खेप पकड़ी है। इसके अलावा पुलिस ने 72800 मिली बीयर की खेप पकड़ी है।
पुलिस ने अवैध शराब के 27 मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने सदर पुलिस थाना ऊना के तहत 11 मामलों में 325604 मिली देसी शराब और 154500 मिली अंग्रेजी शराब तथा 70200 मिली बीयर पकड़ी है। पुलिस थाना गगरेट के तहत 04 मामलों में 17750 मिली देसी शराब और 3000 मिली अंग्रेजी शराब पकड़ी है। पुलिस थाना हरोली के तहत सात मामलों में 90750 मिली देसी शराब और 8250 मिली अंग्रेजी शराब पकड़ी है। पुलिस थाना अंब के तहत चार मामलों में 28200 मिली देसी शराब पकड़ी है। इसके अलावा पुलिस थाना चिंतपूर्णी के तहत एक केस में 18000 मिली देसी शराब पकड़ी गई है। मामले की पुष्टि एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने की है। एसपी ने बताया कि पुलिस शराब माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। एसपी लोगों से अपील की है कि अगर कहीं पर अवैध शराब का कारोबार चल रहा है तो उसकी सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।