ऊना। जिले में तीन जनवरी से शुरू हुए 15-18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के लिए कोविड वैक्सीनेशन अभियान के तहत रविवार तक 26355 युवाओं का टीकाकरण किया गया है। रविवार के दिन कुल 197 किशोरों को वैक्सीन की प्रथम डोज दी गई। जिनमें निजी स्कूलों के 179 छात्रों सहित 18 अन्य किशोरों ने कोविड वैक्सीन की पहली खुराक ली।
15-18 वर्ष के आयुवर्ग के लिए प्रदेश सरकार कोवैक्सीन का टीका निशुल्क लगा रही है और किशोरों में टीकाकरण के लिए उत्साह देखते ही बनता है। डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऊना में पढ़ने वाली 16 वर्ष की हिमांशी ने कहा कि टीकाकरण हमें कोरोना से बचाने में मददगार है। इसीलिए टीका लगवाने से न डरें और आगे बढ़कर वैक्सीन लगवाएं।
आईटीआई ऊना के प्रशिक्षु सोहारी निवासी दिनेश परमार ने भी कोवैक्सीन की पहली खुराक ले ली है। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगवाने के बाद भी कोविड नियमों का पालन जरूरी है। सभी मास्क लगाएं और उचित दूरी का ध्यान रखें। वहीं, टक्का निवासी 17 वर्षीय अंजलि ने अंजलि ने कहा कि घर से नजदीक ही उन्हें वैक्सीन लगी है। यह कोरोना से बचाव में मददगार होगी।
बता दें कि 15-18 वर्ष के आयुवर्ग में एक जनवरी 2004 से 31 दिसंबर 2007 तक पैदा हुए सभी किशोर वैक्सीन लगवाने के लिए पात्र हैं। लाभार्थियों के लिए शिक्षण संस्थानों में टीकाकरण मिशन मोड पर जारी है, जिसके लिए प्रत्येक उपमंडल में 6-8 टीमों का गठन किया गया है। उपायुक्त राघव शर्मा ने कहा कि जिला ऊना में 33,400 किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।