धार्मिक स्थल छिन्नमस्तिका धाम चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार के दिन 25 हजार भक्तों ने मां के दरबार में शीश नवाया। दर्शनों के लिए लगी डबल लाइन लुधियाणा वालों की सराय को भी पार कर गई।
नंगे पांव मां के भक्त लाइनों में दर्शनों के लिए लगे हुए थे। सड़क टूटी होने के कारण कई भक्तों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लेकिन प्रशासन सड़क की रिपेयर तक नहीं करवा पाया। जिससे श्रद्धालुओं के साथ साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।
विभाग द्वारा डाली गई मिट्टी ने दुकानदारों का भी जीना मुश्किल कर दिया है। एसडीएम सुनील वर्मा ने मंदिर में भीड़ के चलते व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश दिए जिससे भीड़ नियंत्रण में रही। लेकिन कुछ लोग फिर भी गलत रास्तों से श्रद्धालुओं को प्रवेश करवाकर व्यवस्थाओं को ग्रहण लगा रहे हैं। एसडीएम ने बताया कि विभिन्न मार्गों पर नजर रखी जा रही है। उधर ट्रस्ट के पूर्व सदस्य निरंजन कालिया, सतीश कालिया, केवल कालिया, विनोद कालिया इत्यादि ने प्रशासन से मांग की है कि श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन करवाने की व्यवस्था की जाए। अव्यवस्था के चलते कुछ श्रद्धालु कुछ मिनटों में ही दर्शन कर लेते हैं, तो बाकी घंटों लाइनों में धक्के खा रहे हैं।