सुबह नौ बजे से नौकरी पाने के लिए रोजगार कार्यालय पहुंचे युवा, एक बजे तक चली प्रक्रिया
स्थान : रोजगार कार्यालय ऊना
समय : सुबह 11:30 बजे
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला रोजगार कार्यालय में वीरवार सुबह सुरक्षा कर्मियों के लिए रखे गए साक्षात्कार के लिए युवाओं का पहुंचना सुबह नौ बजे से शुरू हो गया। इस दौरान जिले के विभिन्न स्थानों से नौकरी पाने के लिए युवा पहुंचे। युवाओं के लिए कार्यालय में बैठने और पीने के पानी की पूरी व्यवस्था रही।
कार्यालय के प्रथम तल पर साक्षात्कार आयोजित किए गए। साक्षात्कार से पूर्व युवाओं के दस्तावेजों की जांच की गई। इसके बाद सुरक्षा गार्ड के लिए शारीरिक दक्षता को लेकर युवाओं के कद को मापा गया। इस प्रक्रिया के दौरान दो युवाओं को कद कम होने के चलते साक्षात्कार प्रक्रिया से बाहर किया गया। साक्षात्कार लेने के लिए आई ईवान सिक्योरिटी फंक्शन प्राइवेट लिमिटड शिमला के दो अधिकारियों ने साक्षात्कार प्रक्रिया का संचालन किया। कंपनी के अधिकारियों ने युवाओं को सबसे पहले कंपनी के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साक्षात्कार के लिए पहुंंचे अधिकतर युवा जिला ऊना से संबंधित रहे।
समय दोपहर 12 बजे साक्षात्कार के लिए जिले के बंगाणा क्षेत्र से युवा रोहित कार्यालय में साक्षात्कार के लिए पहुंचता है। इस दौरान सबसे पहले कंपनी के प्रतिनिधियों ने युवक से आवेदन पत्र भरवाया। इसके बाद युवक को कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा गया। कंपनी के अधिकारियों ने करीब दस मिनट के बाद युवक को कद की जांच करने के लिए उसे सभागार कक्ष में बुलाया। कक्ष में मौजूद अधिकारियों ने कद की जांच करने के बाद उक्त युवक को रोजगार के सभी मापदंड पूरा करने पर दस्तावेज पर मुहर व हस्ताक्षर कर साक्षात्कार के लिए उच्च अधिकारियों के पास भेजा। कार्यालय में यह प्रक्रिया दोपहर 1:00 बजे तक चलती रही। साक्षात्कार के दौरान कुल 24 युवाओं ने भाग लिया। इनमें से 12 युवाओं का चयन किया गया।
वहीं, साक्षात्कार ले रहे कंपनी के सीईओ अश्वनी सांख्यान ने बताया कि वीरवार सुबह से जिला रोजगार कार्यालय में सुरक्षा गार्ड के लिए साक्षात्कार लिए, जजामें 12 युवाओं का चयन कंपनी की तरफ से किया गया। इन युवाओं प्रशिक्षण देकर विभिन्न स्थानों पर नौकरी के लिए भेजा जाएगा।
सचित्र