दौलतपुर चौक (ऊना)। पिरथीपुर गांव में 22 साल के युवक की पीलिया से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि 22 साल के साहिल पुत्र गुरदयाल सिंह को पीलिया हो गया था। जिससे उसका लीवर खराब हो गया और शुक्रवार देर शाम उसकी मौत हो गई। शनिवार को नम आंखों से उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
दस जमा दो की पढ़ाई पूरी करने के बाद तीन वर्ष पूर्व साहिल ने आर्मी की भर्ती में ग्राउंड टेस्ट में एक्सीलेंट हासिल किया था। लिखित परीक्षा की तैयारी कर रहा था कि उसे पीलिया ने जकड़ लिया। शुरुआती तौर पर स्थानीय स्तर पर उसने दवाई ली, लेकिन साहिल का स्वास्थ्य दिन प्रतिदिन खराब होता गया। फिर उसको होशियारपुर के निजी अस्पताल में ले जाया गया।
मनरेगा में दिहाड़ी लगाकर जीवन गुजर बसर करने वाले और बीपीएल परिवार से संबंधित साहिल के पिता गुरदयाल सिंह ने अपनी जिंदगी की सारी कमाई उसके इलाज पर लगा दी। जब होशियारपुर के निजी अस्पताल में साहिल का स्वास्थ्य न सुधरा तो उसे पीजीआई चंडीगढ़ ले जाया गया।
पीजीआई में उसके लीवर अत्यंत खराब होने स्थिति को देखते हुए डॉक्टर्स ने लीवर ट्रांसप्लांट करने और धन की व्यवस्था करने की बात कही। अभी साहिल के पिता जैसे तैसे धन की व्यवस्था कर ही रहे थे कि साहिल ने शुक्रवार देर शाम को दम तोड़ दिया। शनिवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, ग्राम पंचायत प्रधान विजय कुमार ने बताया कि साहिल की मौत पीलिया से लीवर खराब होने से हुई। उसका काफी इलाज करवाया, लेकिन बचाया न जा सका।