ऊना। नगर परिषद ऊना की बैठक मंगलवार को एसडीएम सुरेश जसवाल की अध्यक्षता में हुई। इसमें नप अध्यक्ष बाबा अमरजोत सिंह बेदी भी मौजूद रहे। बैठक में सदर विधायक सतपाल रायजादा ने भी शिरकत की।
बैठक में स्वच्छता और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट गाइड लाइंस को लेकर चरचा की गई। अमरजोत सिंह बेदी ने बताया कि नगर परिषद कमेटी ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की गाइडलाइंस के अनुसार निर्धारित मासिक टैक्स पर आपत्तियां 26 दिसंबर से पहले उजागर करने का आह्वान किया है। इसके साथ-साथ बैठक में निर्धारित टैक्स न देने वालों और निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही नप ने अपने स्तर पर घर द्वार से कूूड़ा उठाने का निर्णय लिया। इसके लिए नए वाहनों की खरीद की कोटेशन के लिए सर्वसम्मति से अनुमति दी गई।
एक सप्ताह के भीतर नप एक गार्बेज कंपैक्टर, डस्टबिन तथा टिपर खरीदेगी। नगर परिषद में जो अन्य पार्किंग स्थल हैं, उन्हें कॉन्ट्रेक्ट पर दिया जाएगा। इससे नगर परिषद कमेटी की आमदनी में वृद्धि हो सकेगी। बैठक में निर्णय लिया कि जो लोग सीवरेज कनेक्शन नहीं ले रहे, उनकी एनओसी वापस ली जा सकती है। साथ ही नप ने सीवरेज काम को हाउसिंग बोर्ड की तर्ज पर सीवरेज बोर्ड को सौंपने की मांग की। उन्होंने बताया कि 84 पौड़ी को हेरिटेज घोषित करने के लिए नगर परिषद ने सरकार को सूचित किया है।
हेरिटेज घोषित होने के बाद 84 पौड़ियां और उसके गेट को पुरातन अंदाज में सहेजने की सरकार से मांग की गई है। नप ने नेशनल हाईवे के किनारे शहर के अंदर प्रस्तावित भवन निर्माण को लेकर म्यूनिसिपल तथा टीसीपी के कानून लागू करने की मांग की है। ताकि लोगों को नेशनल हाईवे से अनुमति लेने में मुश्किल न हो। बैठक में ऊना की हर प्रवेश सड़क पर नगर परिषद स्वागत के बोर्ड लगाने का निर्णय लिया गया। नप ने होटल मालिकों से अतिरिक्त कर वसूलने पर भी मंथन किया। इसको लेकर होटल मालिकों को 15 दिन के भीतर सेल्फ एसेस्मेंट फार्म भरना होगा। सरकार से रेडलाइट चौक पर हाई मास्ट लाइट लगाने की अनुमति भी मांगी गई है। इसके साथ-साथ वार्डों में अतिरिक्त 50 लाइटों के लिए भी अनुमति मांगी गई। बैठक में खाली पदों को भरने की भी मांग की गई। बैठक में वार्ड मेंबर पवन कपिला, शिव कुमार सैनी, सुमन पुरी, अनंतवीर सिंह, शैलेंद्र सिंह, सुखी सांगरा, अनु सैनी, खामोश जैतक आदि उपस्थित थे।