ऊना।
पुलिस अधीक्षक ऊना दिवाकर शर्मा ने कार्यभार संभालने के बाद शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कवायद शुरू कर दी है। बस अड्डे के समीप जाम न लगे, इसके लिए पुलिस रणनीति तैयार करेगी। अब से बस अड्डे के बाहर किसी भी बस को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। बस परिचालकों को सवारियों को बस अड्डे के अंदर ही चढ़ाने और उतारने के निर्देश जारी किए गए हैं।
यदि कोई नियमों की अवहेलना करता पाया गया तो उसके खिलाफ पुलिस सख्ती से निपटेगी। एसपी बुधवार को पदभार संभालने के बाद पहले दिन ही एक्शन मोड में दिखे। उन्होंने दोपहर बाद ऊना बस अड्डे के समीप, रेड लाइट चौक, हमीरपुर रोड, ऊना नंगल रोड, अंब रोड का औचक निरीक्षण किया। रेहड़ी-फड़ी वालों के फुटपाथ का इस्तेमाल करने पर भी चर्चा की।
रेहड़ी-फड़ी वालों को चिन्हित स्थल पर भेजने की कार्रवाई शुरू करने के लिए कहा। अधिकारियों-कर्मचारियों ने लोगों को पेश आ रही जाम की समस्या का जायजा लिया। इसका मुख्य कारण सड़क किनारे बने फुटपाथ पर रेहड़ी-फड़ी वालों का खड़ा होना और बसों का अड्डे से बाहर निकल कर पार्क होना सामने आया है।
प्रमुख सड़कों में लोगों की ओर से बेतरतीब ढंग से पार्क गाड़ियां इस समस्या को बेतहाशा बढ़ा रही थीं। इस कारण राहगीरों को सड़कों के बीचोंबीच चलने को मजबूर होना पड़ रहा था। वहीं तंग हो चुकी सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। इसके चलते एसपी बसों के रेड लाइट चौक के पास सभी मुख्य मार्गों पर खड़ी होने वाली बसों को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद यातायात काफी हद तक सुचारु हो गया।
हमीरपुर रोड पर ऊना आने वाली बसों के अड्डे के बाहर मुख्य मार्ग पर यात्रियों को उतारने का सिलसिला भी बंद करने के निर्देश दिए हैं। इससे जहां जाम से निपटा जा सकेगा, लोगों को हादसों का शिकार होने से बचाया जा सकेगा। इस अवसर पर डीएसपी हेडक्वार्टर कुलविंद्र सिंह, एसएचओ सदर प्रकाश चंद शर्मा, सिटी चौकी प्रभारी गुरदीप धीमान और ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज रवि शर्मा उपस्थित रहे।