ऊना।
पुलिस और क्रशर मालिकों के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। क्रशर मालिकों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। जिला भर में 28 क्रशरों पर कामकाज पूरी तरह बंद रहा। क्रशर पर काम न होने से भवन निर्माण सामग्री मिलना मुश्किल हो गया है। संघ के जिलाध्यक्ष डिंपल ठाकुर ने कहा कि संघ गैर कानूनी तरीके से खनन करने वालों के खिलाफ है।
क्रशर मालिक सरकारी नियमों का पालन कर रहे हैं और कानून के अनुसार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्रशर से सस्ती निर्माण सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। वहीं सैकड़ों परिवारों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप रोजगार मुहैया करवाया जा रहा है। डिंपल ठाकुर ने कहा कि भविष्य में भी क्रशर संघ पूरी तरह से पुलिस, खनन विभाग और प्रशासन के आदेशों का पालन करते हुए काम करेगा।
उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से ट्रक चालकों को ओवरलोडिंग के नाम पर परेशान किया जा रहा है। पुलिस माल ढुलाई कर रहे वाहनों को सारे कागजात और बिल होने के बावजूद बंद कर रही है। सभी क्रशर मालिकों के पास क्रशर संबंधित सारी मंजूरियां सभी विभागों की ओर से दी गई हैं। खनन दिन की रोशनी में कायदे-कानूनों के अनुसार किया जा रहा है। हर क्रशर बिजली बिल के हिसाब से सरकार को करोड़ों रुपये रॉयल्टी और राजस्व अदा कर रहे हैं। सभी क्रशरों को पर्यावरण विभाग से मंजूरी भी मिली हुई है।