अमर उजाला ब्यूरो
बंगाणा (ऊना)। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बुधवार को कुटलैहड़ एवं चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों में लगभग दो करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इनमें ग्राम पंचायत थानाकलां के अंतर्गत 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाला संपर्क मार्ग, ग्राम पंचायत पलाहटा के कुड में साढ़े चार लाख से नवनिर्मित सामुदायिक भवन, एक करोड़ से निर्मित होने वाली हरोट-ककराणा सड़क भूमि पूजन, दस लाख रुपये की लागत से बनने वाला संपर्क मार्ग, चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अंबेहडा धीरज के अंतर्गत चकडोआ में लगभग पांच लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक भवन तथा 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुल का उद्घाटन शामिल है।
जन समूह को संबोधित करते हुए वीरेंद्र कंवर ने कहा कि लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से ककराणा-हरोट सड़क को सुदृढ़ किया जाएगा। जबकि साढ़े 6 करोड़ से पलाहटा, धनेत व डीहर पंचायतों के लिए एक नई पेयजल योजना का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने थानाकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विभिन्न श्रेणियों के 15 नए पद सृजित किए हैं। आने वाले समय में लगभग 9 करोड़ से थानाकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा बंगाणा अस्पताल का दर्जा बढ़ाया है तथा विभिन्न श्रेणियों के 18 नए पद सृजित किए हैं।
इस अवसर पर चिंतपूर्णी के विधायक बलवीर चौधरी, तहसीलदार शमशेर सिंह, बीडीओ सोनू गोयल, सहायक अभियंता बीबी गुप्ता, संतोष कुमार, केके शर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य कृष्ण पाल शर्मा, प्रधान थानाकलां अंजुबाला, उप-प्रधान जसपाल, प्रधान पलाहटा राज कुमारी, उपप्रधान तिलक राज, प्रधान अंबेहडा धीरज नीलम सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभागों के अधिकारी तथा गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।