एसडी शर्मा
वार्ड सात के इन बाशिंदों की समस्या का पुख्ता हल करवाने में आज दिन तक किसी ने संजीदगी नहीं दिखाई। संकरी सी गलियों से होते हुए जब ‘अमर उजाला’ की टीम सोमा देवी पत्नी कमलदेव के घर पहुंची तो देखा कि उनके घर के गंदे पानी की निकासी का कोई बंदोबस्त नहीं है। घर के बाहर ही गंदा पानी एकत्र होता है। बरसात में तो गंदा पानी घर के अंदर तक घुस जाता है। करीब 20 साल से समस्या का पुख्ता हल ढूंढते हुए परिवार के मुखिया कमल देव की बीते साल मौत भी हो गई, लेकिन समस्या का हल नहीं हुआ।
वार्ड के चमन लाल का परिवार भी इस गंभीर समस्या से जूझ रहा है। किराये के मकान में रह रही वीना बत्तरा नगर परिषद समेत सियासी दलों से खासी नाराज हैं। वीना बत्तरा के मुताबिक उन्हें तथा अन्य कई किराएदारों को बाथरूप से लेकर रसोई तक के गंदे पानी को पास के खेत में फेंकने के लिए खेत मालिक को पैसे देपे पड़ते हैं। तनिक सोचिए कहीं खेत मालिक इन्हें गंदा पानी खेत में न फेंकने दे तो इनकी क्या दशा होगी। वार्ड में सीवरेज की लाइन बिछाए भी एक अरसा बीत गया, लेकिन कनेक्शन आज तक नहीं दिए गए सफाई बंदोबस्त भी ठीक नहीं है। कई घरों को तो आने-जाने के लिए पर्याप्त रास्ता तक नहीं है। लोगों का कहना है कि नगर परिषद पक्की गलियों को दो-दो बार बना रही है लेकिन जो रास्ते कच्चे हैं, उन्हें बनाने की ओर कोई गौर नहीं हो रहा।
नप समस्या को लेकर गंभीर नहीं : सौरभ
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि नगर परिषद चाहे तो पानी निकासी का स्थायी समाधान हो सकता है। कोई भी लोगों की समस्या को गंभीरता से नहीं लेता। हर चुना हुआ नुमाइंदा अथवा पदाधिकारी टाइम पास कर रहा है।
गंदे पानी से बीमारियों का अंदेशा : अजय
अजय कुमार ने कहा कि यह कोई कश्मीर समस्या थोडे़ न है, अगर चुने हुए लोग चाहें तो लोगों की इस समस्या को हल करवाया जा सकता है। गंदे पानी की वजह से लोगों को बीमारियां फैलने का अंदेशा है।
लोग दयनीय हालत में जीने को मजबूर: वीना
वीना बत्तरा ने तलख अंदाज में कहा कि हम बड़ी दयनीय स्थिति में जीने के लिए मजबूर हैं। कोई हमारी समस्या को सुनता ही नहीं है। वोट लेने के लिए जरूर आ जाते हैं, समस्या हल करवाने को कोई नहीं आता।