ऊना। जिले में बढ़ रहे नशे के कारोबार और नशा माफिया के खात्मे के लिए हिमाचल एवं पंजाब पुलिस संयुक्त अभियान चलाएगी। दोनों राज्यों की पुलिस इसको लेकर समन्वय स्थापित करेगी। सीमांत क्षेत्रों में पुलिस हर संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखेगी। इससे अवैध करोबार करने वाले नशा तस्करों पर शिकंजा जा सके। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को एसपी ऊना और एसएसपी होशियारपुर की बैठक हुई। एसपी ऊना दीवाकर शर्मा व एसएसपी होशियारपुर ने कई मुद्दों को लेकर विचार-विमर्श किया।
गौरतलब है कि जिला पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़े हुए है। इसमें पंजाब पुलिस को भी शामिल कर लिया गया है। रोपड़ जिले में ऊना के चार युवकों को नशा तस्करी के आरोप में दबोचा गया था। इस धर पकड़ में ऊना पुलिस ने रोपड़ पुलिस को इनपुट दी थी। बॉर्डर एरिया में चल रहे अवैध कारोबार को खत्म करने लिए हिमाचल और पंजाब पुलिस समन्वय स्थापित करेंगी। एसपी दिवाकर शर्मा ने कहा कि नशे के सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा। बॉर्डर एरिया होने के चलते शातिर इसका लाभ उठाते हैं। लेकिन अब अगर दोनों राज्यों की पुलिस आपस मे तालमेल बनाएगी तो नशा माफिया पर शिकंजा कसा जा सकेगा। उन्होंने बॉर्डर एरिया में रहने वाले लोगों से भी सहयोग की अपील की है।