जोल (ऊना)।
उप तहसील जोल के तहत सोहारी टकोली के आधा दर्जन गांवों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की लचर कार्यप्रणाली के चलते क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जलापूर्ति न होने से ग्रामीणों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। हालत यह है कि ग्रामीण दूसरे गांव या प्राकृतिक स्रोत पर निर्भर है। जल आपूर्ति ठप होने से आईपीएच विभाग की दो मोटरें खराब होना बताया जा रहा है।
अगर इन मोटरों को ठीक करवा दिया जाए तो गांवों में पानी की कोई दिक्कत नहीं होगी। लोगों की मानें तो ग्राम पंचायत सोहारी, टकोली और चोली के गांव सोहारी, रामनगर, भिंडला, टकोली, बेहलां में तीन दिनों से पानी की आपूर्ति ठप है। इसके चलते ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर धक्के खाने पड़ रहे हैं। बैरियां में एक मोटर अरसे से खराब थी। अब दूसरी मोटर भी खराब होने से पानी की सप्लाई बिल्कुल ठप हो गई है। विभाग की लापरवाही से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के प्राकृतिक स्रोत भी साफ नहीं है जहां से लोग पीने का पानी ले सकें।
आईपीएच विभाग के एसडीओ सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पहले एक मोटर खराब हुई। यह मोटर ठीक भी नहीं हुई थी कि दूसरी मोटर भी खराब हो गई। इसके चलते ग्रामीणों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही मोटरों को रिपयेर कर पानी की सप्लाई चालू कर दी जाएगी।