अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। जनहित मोर्चा के अध्यक्ष राजीव भनोट, सलाहकार डॉ. सुभाष शर्मा, सरदार भाग सिंह, मास्टर चमन लाल चौधरी ने कहा कि जिलाधीश ऊना के तबादले पर प्रदेश सरकार पुनर्विचार करें और तबादले को रद्द किया जाए।
उन्होंने कहा कि जिलाधीश को कम समय हुआ है, ऐसे में उन्हें काम करने का और अवसर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कम समय में ही जिलाधीश ने जिला के विकास को आगे ले जाने का काम किया है। प्रदेश सरकार द्वारा लाई नीतियों को बेहतर ढंग से आगे बढ़ाने व जनता तक पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की बेहतर टीम ऊना में काम कर रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि जिलाधीश के तबादले पर विचार करना चाहिए। उन्होंने इसके लिए प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र कंवर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती सहित जिला विधायक राजेश ठाकुर व बलवीर से भी आग्रह किया। वहीं हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुमेश शर्मा ने भी सरकार से आग्रह किया है कि वे जिलाधीश के तबादले पर पुनर्विचार करें। उन्होंने कहा कि जिलाधीश ऊना ने हर वर्ग के साथ मधुर संबंध स्थापित किए।
जिला के विकास को आगे बढ़ाने के साथ-साथ कई कल्याणकारी योजनाओं पर लोगों को जागरूक किया है, सामाजिक भागीदारी भी कई योजनाओं में सुनिश्चित की है। श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अविनाश कपिला ने भी जिलाधीश के तबादले को रद्द करने की सरकार से मांग की।