अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। प्रदेश सरकार के स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के बाद भी नकल नहीं रुक रही है। उड़नदस्तों ने जिले के परीक्षा केंद्रों में छापेमारी के दौरान पांच विद्यार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा है।
ऐसे में शिक्षा विभाग के नकल रोकने के दावे फेल हो रहे हैं। हालांकि शिक्षा विभाग एवं स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर नकल रोकने के लिए कई तरह की गाइड लाइन जारी की गई है। स्कूलों में सीसीटीवी लगने और उड़नदस्तों की दबिश के बाद भी नकलचियों के हौसले बुलंद हैं। ऐसे में शिक्षा विभाग के नकल रोकने के दावे नाकाम हो रहे हैं। उड़नदस्तों में शामिल कई कर्मचारी दबिश देने के नाम पर खानापूर्ति कर रहे हैं।
गौरतलब है कि अभी तक निजी स्कूलों में उड़नदस्तों ने नकल का एक भी मामला नहीं पकड़ा है। सोमवार को दसवीं के गणित की परीक्षा में शिक्षा उपनिदेशक निरीक्षण कैडर कमलेश कुमारी की अगुवाई में फ्लाइंग की टीम में प्रधानाचार्य नरेश सैनी, राजपाल राणा, गिरधारी लाल, किरण वाला व राजेश कुमार ने दसवीं के गणित के पेपर में स्कूलों में छापेमारी कर नकल करते पांच विद्यार्थियों को रंगे हाथों पकड़ा। शिक्षा उपनिदेशक निरीक्षण कैडर कमलेश कुमारी ने स्वयं टीम के साथ नंगड़ा परीक्षा केंद्र पर चार एवं देहलां स्कूल के परीक्षा केंद्र में एक छात्र को नकल करते पकड़ा।
टीम ने माउंट एवरेस्ट कुठार कलां के परीक्षा केंद्र को भी जांचा। एसडीएम ऊना राजेश जसवाल की टीम में शामिल अंजलि शुक्ला, उमेश चंद शर्मा, सतिंद्र कौशल की टीम ने उच्च विद्यालय त्यूड़ी, पनोह व बदोली स्कूल के परीक्षा केंद्र जांचे। इसके अलावा एसडीएम हरोली गौरव चौधरी की टीम में रविंद्र जोशी, चरण पाल, पुनीत कुमारी की टीम ने नंगल खुर्द, वालीबाल, ललड़ी स्कूल के परीक्षा केंद्र जांचे। टीम ने शाम के समय एसओएस के परीक्षा केंद्र हरोली की में भी दबिश दी।