अमर उजाला ब्यूरो
मैहतपुर/ऊना। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने सोमवार को ऊना जिला के दौरे के दौरान दूसरे दिन 30.23 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाओं का लोकार्पण करने के उपरांत मैहतपुर-बसदेहड़ा में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने मैहतपुर-बसदेहड़ा को उपतहसील तथा बसदेहड़ा में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कभी भी अन्यों के अधिकारों को छीनने की कोशिश नहीं की। जनसभा के दौरान स्थानीय कांग्रेस नेता एवं पीसीसी सदस्य सतपाल रायजादा ने सीएम के समक्ष उपतहसील की मांग रखी। जिसकी पैरवी करते हुए उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंच से कॉलेज की भी मांग सीएम के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने दोनों मांगों को पूरा करने की मंच से घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली में अभद्र व अपमानजनक भाषा का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए, जैसे कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोधियों का जवाब सभ्य भाषा में दिया जाना चाहिए। वीरभद्र सिंह ने कहा कि हमीरपुर के सांसद व एचपीसीए अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने धर्मशाला में पांच सितारा होटल के निर्माण का रास्ता प्रशस्त करने के लिए अनेक भवनों को गिराया, जिसके लिए अनेक पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई गई। इस भूमि को राजस्व दस्तावेज में बंजर भूमि दर्शाया गया। मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व 5.64 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले मनसोह-कुडू सड़क का भूमि पूजन किया। उन्होंने ऊना में श्रम एवं रोजगार विभाग के मॉडल करिअर सेंटर का भी लोकार्पण किया, जिसके निर्माण पर 58.78 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
वीरभद्र सिंह ने लाल सिंगी तथा ऊना टका सड़क के निवासियों के लिए लाल सिंगी में 1.30 करोड़ रुपये की लागत की अलग पेयजल आपूर्ति योजना की भी आधारशिला रखी, जिससे लाल सिंगी गांव, लोअर कोटला कलां और लोअर अरनियाला के कुछ हिस्से के 7500 से अधिक लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने ऊना शहर के लिए पुरानी होशियारपुर सड़क पर 1.06 करोड़ रुपये की पेयजल आपूर्ति योजना के संवर्धन की भी आधारशिला रखी, जिससे ऊना के वार्ड नंबर एक व दो की लगभग 8000 जनसंख्या लाभान्वित होगी। उन्होंने ऊना में 2.57 करोड़ रुपये की लागत से गृह रक्षक की 12वीं बटालियन के कार्यालय, 1.33 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहडाला के विज्ञान खंड, 14.73 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संतोषगढ़ के भवन और कुठारकलां में 1.88 करोड़ रुपये की लागत से कुठारकलां, सुनेहरा और संतोषगढ़ के लिए पेयजल आपूर्ति योजना की भी आधारशिला रखी। इस योजना से कुठारकलां की चार बस्तियां, सुनेहरा तथा संतोषगढ़ की 16,700 जनसंख्या लाभान्वित होगी। उन्होंने 1.13 करोड़ की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैंसरी के अतिरिक्त भवन की भी आधारशिला रखी।