ऊना। जिला सैनिक कल्याण बोर्ड की त्रैमासिक बैठक उपायुक्त विकास लाबरू की अध्यक्षता में हुई। इसमें पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। उपायुक्त ने कहा कि जिले में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए ईसीएचएस के इंपैनल्ड अस्पताल के मामले को सेना अधिकारियों के साथ प्रभावी तरीके से उठाया जाएगा, जिससे जिले के हजारों पूर्व सैनिकों को स्वास्थ्य सुविधा ऊना में ही प्राप्त हो सके। इसके अलावा ईसीएचएस ऊना में ऑटोमेटिड ब्लड सेल मशीन की स्थापना को लेकर भी गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे। डीसी ने बताया कि सैनिक विश्राम गृह की बाऊंडरी वॉल को बरसाती पानी के कारण हो रहे नुकसान को लेकर नगर परिषद ऊना को आवश्यक धनराशि मुहैया करवा दी गई है। जबकि, बंगाणा एवं दुलैहड़ में मोबाइल कैंटीन की सुविधा बंद होने को लेकर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मामले को गंभीरता के साथ उचित माध्यम से उठाने के निर्देश दिए। कहा कि जिले में वर्ष में दो बार नेवी की भर्ती का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत आगामी पांच से आठ सितंबर के दौरान यह भर्ती ऊना में आयोजित की जाएगी।
बेटियों की शादी पर मिलेंगे 50 हजार
डीसी ने बताया कि सरकार ने पूर्व सैनिकों की बेटियों की शादी पर दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि को 16 से बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया है। गत तिमाही के दौरान प्राप्त ऐसे सात मामलों को निदेशक सैनिक कल्याण को भेजा गया है। इसके अतिरिक्त हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से 15 प्रतिशत कोटे के अधीन रोजगार केे लिए पूर्व सैनिक रोजगार कक्ष हमीरपुर के माध्यम से विभिन्न विभागों में 521 पूर्व सैनिकों के नामों को रोजगार के लिए प्रायोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने पूर्व सैनिकों तथा सैनिक विधवाओं के बच्चों के पुन:स्थापना एवं पुन:निर्माण विशेष निधि से छात्रवृत्ति प्रदान करने के लिए आय सीमा को एक लाख से बढ़ाकर तीन लाख कर दिया गया है। बैठक में उपनिदेशक सैनिक कल्याण मेजर रघवीर सिंह, उपनिदेशक उच्च शिक्षा भूप सिंह, सहायक अभियंता दीपक शर्मा, डीपीडीओ पीके पाराशर, मैनेजर डीआईसी लालमन, लै. कर्नल कुलदीप सिंह, हिमोत्कर्ष संस्था के प्रदेशाध्यक्ष कंवर हरि सिंह, रूमेल धीमान, कैप्टन प्रीतम राणा, प्रीतम सिंह, राजेंद्र जसवाल, मुकेश भारद्वाज सहित अन्य सरकारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।