मैहतपुर (ऊना)।
शुक्रवार को सब्जी लेकर मैहतपुर मत आना सीएम साहिब आ रहे हैं! इस फरमान के बाद स्थानीय किसान और पंजाब से रेहड़ियों में फल सब्जियां लेकर मैहतपुर की किसान सब्जी मंडी में आने वाले विक्रेता नहीं आए। हिमाचल के स्थानीय किसानों ने पड़ोसी सूबे पंजाब की सब्जी मंडी में जाकर अपनी सब्जियां बेचीं तो कई सब्जी बेचने को जा ही नहीं पाए। किसान सब्जी मंडी न लगने से आसपास के ग्रामीणों को शुक्रवार को सब्जी मंडी स्थल पर आकर ही पता चला कि सब्जी मंडी नहीं लगेगी। सीएम जयराम ठाकुर के जनसभा के चलते किसान सब्जी स्थल को एक दिन पूर्व शुक्रवार को ही खाली करवा लिया गया था।
जनसभा की तैयारियों के मद्देनजर पंजाब से आने वाले दर्जनों रेहड़ी वालों को हिदायत दे दी गई थी कि वे शुक्रवार को किसान सब्जी मंडी में सब्जी लेकर न आएं। सप्ताह में दो दिन सोमवार तथा शुक्रवार को लगने वाली किसान सब्जी मंडी के न लगने से उदयपुर के सब्जी विक्रेता जगतार सिंह, दीदार सिंह, संतोषगढ़ के कर्मचंद, सोहन सिंह, नीरज, छुट्टेवाल के तरसेम लाल और सूरम चंद के मुताबिक, उन्होंने अपनी तोड़ी हुई सब्जी को पंजाब में जाकर बेचा। तब कहीं दिहाड़ी लायक काम हुआ। वहीं कई किसानों ने बताया कि वह मैहतपुर में ही सब्जी बेचते हैं, दूर जाना उनके लिए मुश्किल है।
लिहाजा, शुक्रवार को वह सब्जी बेच ही नहीं पाए और न ही कुछ कमा पाए। किसान सब्जी मंडी में फल सब्जियां बेचने आने वाले इन किसानों ने कहा कि कमेटी की ओर से उन्हें शुद्ध पेयजल, स्वच्छता और पर्याप्त लाइट का बंदोबस्त होना चाहिए। वर्तमान में जिसकी कमी खल रही है। उधर नगर परिषद अध्यक्ष मंजू चंदेल ने कहा जनसभा की तैयारियों के चलते किसानों को सब्जी मंडी में आने से मना किया था। किसान सब्जी मंडी पहले की ही तरह सप्ताह में दो दिन लगती रहेगी।