अमर उजाला ब्यूरो
भरवाई (ऊना)।
शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर का गर्भ गृह शीघ्र ही सोने से सुसज्जित होगा। मंदिर के गर्भ गृह की पतरियों पर सोने का पानी चढ़ाने का काम शुरू कर दिया गया है। यह कार्य दिल्ली की एक श्रद्धालु महिला करवा रही है। सोने से सुसज्जित होने के बाद गर्भ गृह की सुंदरता को चार चांद लग जाएंगे। मंदिर अधिकारी प्रेम लाल शर्मा ने बताया कि गर्भ गृह की पतरियों पर चढ़ाए जाने वाले सोने के पानी में करीब 200 ग्राम सोने के इस्तेमाल होने का अनुमान है।
हालांकि इस कार्य के पूरा होने के बाद ही इस बारे में निश्चित तौर पर कुछ कहा जा सकेगा। उन्होंने बताया कि यह शुभ कार्य एक श्रद्धालु महिला दान रूप में करवा रही है। सोने के इस कार्य पर करीब पांच लाख की लागत बताई जा रही है। इससे पहले भी कई श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दरबार में दान रूप में कई कार्य करवाते रहे हैं। अभी कुछ महीनों पहले ही मंदिर गर्भ गृह की दीवारों पर मां के भक्तों ने चांदी लगाई थी।
वहीं मंदिर अधिकारी प्रेम लाल शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की माता रानी के प्रति बेहद आस्था है। श्रद्धालु सोना-चांदी चढ़ाए जाते हैं और दान रूप में कार्य भी करवाते हैं। उन्होंने बताया कि एक श्रद्धालु महिला गर्भ गृह पर सोने का पानी चढ़ाने का काम करवा रही है।