पुलिस टीमों ने अंब, हरोली, संतोषगढ़ में की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला ऊना पुलिस की ओर से विभिन्न स्थानों पर अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। शुक्रवार शाम को 14 वाहन अवैध खनन में संलिप्त पाए गए। पुलिस ने सभी वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि पुलिस थाना अंब के अंतर्गत एक वाहन का चालान करके जुर्माने के रूप में 5115, पुलिस थाना हरोली के अंतर्गत सात वाहनों के चालान कर जुर्माने के रूप में 4.50 लाख रुपये, पुलिस चौकी पंडोगा के अंतर्गत एक वाहन का चालान कर जुर्माने के रूप में 25000 रुपये, पुलिस चौकी संतोषगढ के अंतर्गत पांच वाहनों के चालान करके जुर्माने के रूप में 25000 रुपये प्राप्त किए। अवैध खनन पर 14 चालान करके जुर्माने के रूप में 505115 रुपये प्राप्त किए गए। इससे पहले 22 मई को अवैध खनन अधिनियम के तहत जिला ऊना में पुलिस थाना टाहलीवाल के अंतर्गत दो वाहनों के चालान करके जुर्माने के रूप में 40000 रुपये प्राप्त किए गए। 21 मई को छह वाहन चालकों को अवैध खनन करते पकड़ा गया। 1.15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई गगरेट, हरोली, टाहलीवाल में हुई। वहीं, 19 मई को जिला ऊना में कुल छह वाहनों के चालान कर जुर्माने के रूप में 53000 रुपये प्राप्त किए गए।