बंगाणा (ऊना)।
विधानसभा चुनावों में हार की रार पर कुटलैहड़ कांग्रेस में दरार आ गई है। पार्टी प्रत्याशी रहे विवेक शर्मा की ओर से ब्लॉक कमेटी भंग करने की सिफारिश पर ब्लॉक ने तेवर कड़े कर लिए हैं। कुटलैहड़ कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र फौजी ने विवेक की ओर से बैठक बुलाकर लिए निर्णय को न केवल हास्यास्पद करार दिया बल्कि यह भी कहा कि विवेक शर्मा को ऐसा कोई अधिकार नहीं। दूसरी ओर कांग्रेस सचिव विवेक शर्मा ने दलील दी कि ब्लॉक पदाधिकारियों की सहमति से निर्णय लिया गया है।
कांग्रेस पार्टी के कुटलैहड़ प्रत्याशी विवेक शर्मा ने रविवार को बौल स्थित अपने निजी होटल पर एक बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में कुटलैहड़ कांग्रेस ब्लॉक कमेटी से ज्यादातर पदाधिकारी और नेता नदारद पाए गए। ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र फौजी ने एक बयान जारी कर कहा कि विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ कांग्रेस ब्लॉक कमेटी के चंद लोगों को बुलाया था जिसमें सिर्फ हार पर मंथन किया गया। फौजी ने कहा कि विधानसभा प्रत्याशी विवेक शर्मा की ओर से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को भंग करने की घोषणा करना हास्यास्पद है। विवेक शर्मा को कमेटी भंग करने का कोई अधिकार नहीं है। ब्लॉक कमेटी ने उनके हक में कार्य किया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी को भंग करने का अधिकार सिर्फ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह को है। इस मौके पर उनके साथ ब्लॉक महासचिव राकेश शर्मा भी मौजूद थे। कांग्रेस प्रदेश सचिव विवेक शर्मा का कहना है कि जनरल हाउस में पदाधिकारियों की मौजूदगी में निर्णय लेकर इसकी प्रति जिलाध्यक्ष को सौंपी गई है। अगर ब्लॉक अध्यक्ष को इसमें कोई आपत्ति है तो वे जनरल हाउस करवा सकते हैं। उनका ब्लॉक में कांग्रेस को मजबूूत और एकजुट करना ही एकमात्र लक्ष्य है।