सिविल सेवा बोर्ड की सिफारिशों पर हिमाचल प्रदेश सरकार ने 17 आईएएस, आईएफएस व एचएएस अधिकारियों के तबादला एवं तैनाती आदेश जारी किए हैं। इसमें आठ आईएएस, एक आईएफएस और आठ एचएएस अधिकारी शामिल हैं। कार्मिक विभाग की ओर से मंगलवार देर शाम को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। आईएएस अधिकारी संदीप कुमार को मंडलायुक्त कांगड़ा के रूप में नियुक्त किया गया है। इसी तरह दुनी चंद राणा को प्रबंध निदेशक एचपीएमसी लगाया है। राणा प्रबंध निदेशक एचपी एग्रो इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड शिमला और प्रबंध निदेशक एचपी एग्रो इंडस्ट्रियल पैकेजिंग इंडिया लिमिटेड के पदों का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। निदेशक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राम कुमार गौतम को प्रबंध निदेशक राज्य कृषि विपणन बोर्ड के रूप में नियुक्त किया है।
हेमिस नेगी इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे। कुमुद सिंह को निदेशक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले लगाया है। विनय सिंह को प्रबंध निदेशक हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के रूप में नियुक्त किया है। मनीष कुमार को सेटलमेंट ऑफिसर शिमला डिवीजन के पद पर नियुक्त किया है। अक्षय सूद को सेटलमेंट ऑफिसर कांगड़ा मंडल लगाया है। द्विज गोयल को उप मंडल अधिकारी (सिविल) पांवटा साहिब नियुक्त किया है। आईएफएस अधिकारी पुष्पेंद्र राणा को पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। वे निदेशक आपदा प्रबंधन और सदस्य सचिव हिमाचल प्रदेश राज्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी और पर्यावरण परिषद (शिमला) के पदों का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।