औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पुलिस थाना से महज 100 मीटर दूरी पर शातिर स्टेट बैंक ऑफ पटियाला का एटीएम उखाड़ ले गए। एटीएम में सात लाख रुपये थे।
देर रात करीब तीन बजे हुई इस वारदात का पता पुलिस, बैंक प्रबंधन को अगले दिन सुबह नौ बजे चला। बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर एटीएम निजी मकान में लगा था। इसका जिम्मा चंडीगढ़ की निजी कंपनी पर था।
पुलिस के मुताबिक कंपनी के मुंबई सर्विस सेंटर से चंडीगढ़ स्थित ब्रांच में सुबह आठ बजे मैसेज मिला कि बद्दी में स्टेट बैंक आफ पटियाला का एटीएम नहीं चल रहा है। मैसेज के बाद कंपनी का इंजीनियर रविंद्र सुबह करीब 9 बजे बद्दी पहुंचा, तो एटीएम था ही नहीं।
पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। एटीएम की देखरेख के लिए सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं था। मौके पर लोहे की रॉड मिली है, जिससे एटीएम उखाड़ा गया है।