हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की देश के 22 बोर्डों और विश्वविद्यालयों को मान्यता नहीं है। बोर्ड की नजर में देश में चल रहे यह बोर्ड और विश्वविद्यालय सीधे तौर पर फर्जी हैं। बोर्ड प्रबंधन ने इसकी सूची जारी कर दी है। इसकी प्रति बोर्ड की ओर से राज्य सरकार को भी भेज दी गई है।
इन बोर्डों या विश्वविद्यालय से पढ़े किसी भी छात्र या छात्रा को बोर्ड की किसी कक्षा की परीक्षा के लिए पात्र नहीं माना जाएगा। हिमाचल के छात्र ऐसे बोर्डों के झांसे में आकर कहीं अपना पैसा और समय बर्बाद न करें, इसलिए स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से यह सूची सरकार के पास भेजी है।
निर्देशों में साफ तौर पर लिखा है कि इन बोर्डों और विश्वविद्यालयों से पास की गई परीक्षा को मान्यता नहीं दी जाएगी। इन बोर्डों से पास हुए छात्रों को हिमाचल में उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए परेशानियों का सामना करना पडे़गा। बोर्ड की इस सूची में शामिल होने के बाद हिमाचल में किसी भी तरह की उच्च शिक्षा के लिए छात्र मान्य नहीं होंगे।
इससे पहले भी बोर्ड ने जिन बोर्डों को फर्जी करार दिया है, विश्वविद्यालय में भी उन बोर्डों के छात्रों को उच्च शिक्षा में प्रवेश नहीं दिया जाता रहा है। ऐसे में इन बोर्डों और विश्वविद्यालय से किसी भी स्तर की शिक्षा हिमाचल के छात्रों के लिए उपयोगी नहीं होगी।
हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला की ओर से पत्र संख्या हाई शिक्षा बीओ (2) सामान्य/247 नंबर से पत्र जारी किया है। इसकी कापियां प्रधान सचिव शिक्षा, निदेशक उच्च शिक्षा और निदेशक एलीमेंटरी एजूकेशन को भेज दी हैं। निदेशक एलीमेंटरी शिक्षा राजीव शर्मा ने माना कि बोर्ड की ओर से फर्जी बोर्डों और विश्वविद्यालयों की सूची जारी की है। यह छात्रों को फर्जी बोर्डों के प्रति सचेत करने के लिए जारी की जाती है।
बोर्ड की नजर में फर्जी बोर्ड/विश्वविद्यालय
1. बोर्ड आफ हायर एजूकेशन, दिल्ली
2. इंडियन काउंसिल आफ सेकेंडरी एजूकेशन इंडिया, फतेहाहुला गंज, एनएच 74 ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद (यूपी)
3. आल इंडिया बोर्ड फार एजूकेशन ट्रेनिंग दिल्ली, डा. अंबेडकर चिंतन सामाजिक शोध संस्थान बिहार द्वारा संचालित
4. आल इंडिया बोर्ड आफ सेकेंडरी एजूकेशन, दिल्ली भवन, आजादपुर, दिल्ली
5. बोर्ड आफ एडल्ट एजूकेशन एंड ट्रेनिंग, दिल्ली
6. सेंट्रल बोर्ड आफ हायर एजूकेशन, ईस्ट पटेल नगर, न्यू दिल्ली
7. सेंट्रल बोर्ड आफ हायर एजूकेशन, उत्तम नगर, न्यू दिल्ली
8. जामिया उर्दू अलीगढ़, मेडिकल रोड, अलीगढ़
9. गुरुकुल विश्वविद्यालय वृंदावन (मथुरा)
10. काउंसिल आफ सेकेंडरी एजूकेशन मोहाली (पंजाब)
11. संपूर्णानंद-संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी
12. महाशक्ति संस्कृत विद्यापीठ, करन विहार पार्क, दिल्ली
13. भारतीय शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश, लखनऊ
14. बोर्ड आफ सेकेंडरी संस्कृत एजूकेशन यूपी, लखनऊ
15. हिंदी साहित्य सम्मेलन, इलाहाबाद
16. मुंबई हिंदी विद्यापीठ
17. द सेंट्रल बोर्ड आफ हायर एजूकेशन, न्यू दिल्ली
18. डा. राम गोपालाचार्य संस्कृत महाविद्यालय यूपी
19. बोर्ड आफ सेकेंडरी एजूकेशन मध्य भारत, ग्वालियर (एमपी)
20. सेकेंडरी एजूकेशन आफ भिवानी, पानीपत (हरियाणा)
21. वेदामोयू वैदिक विद्यापीठ, बदायूं
22. इनके अलावा निजी तौर पर संचालित बोर्ड और विश्वविद्यालय