सड़क से करीब 15 मीटर नीचे खाई में गिरा
जैसे ही वाहन गर्ग एंड गर्ग प्लांट के समीप पहुंचा तो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में वाहन सड़क से करीब 15 मीटर नीचे खाई में गिरा है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस चेक पोस्ट कोकसर की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। हादसे में घायल शिक्षक और सात बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों को मनाली अस्पताल और अन्य को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिस्सू ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि घायलों के मेडिकल लीगल सर्टिफिकेट प्राप्त कर लिए गए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
खनेर गांव में दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बची निगम की बस
उधर, जलोड़ी दर्रा और शुश होकर चलने वाली कुल्लू-आनी वाया शुश एचआरटीसी बस खनेर गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। बस का अगला टायर अचानक सड़क से बाहर निकल गया और बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 4 बजे के आसपास बस खनेर गांव के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकला तो चालक ने बस को रोक दिया। स्थिति को देखते हुए बस में सवार छह से आठ सवारियां बाहर निकलीं। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए। बाद में बस को सड़क पर निकालने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई गई। काफी प्रयास करने के बाद सफलता नहीं मिली। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी दिवान सिंह ने कहा कि बस के फंसने से सवारियां छोटी गाड़ियों में अपने गंतव्य के लिए निकल गई थीं। एचआरटीसी कुल्लू के उपमंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि कुल्लू से आनी वाया शुश बस का अगला टायर खनेर गांव के पास सड़क से बाहर निकलने से बस फंस गई है। बस निकालने का प्रयास किए जा रहे हैं।