सोशल एक्टिविस्ट परमजीत सिंह बंगा ने कहा, 'आशीष नेगी जैसे कुछ शरारती तत्व, जो देश की एकता को बर्दाश्त नहीं कर सकते और बंटवारा पैदा करने की कोशिश करते हैं, उन्होंने सिख समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। मैंने 23-24 साल तक सेना में सेवा की है। ऐसी टिप्पणियों का देश के आम नागरिकों पर असर पड़ने के अलावा और कोई मकसद नहीं होता। ऐसी कोशिशों को रोका जाना चाहिए। इसलिए, हमने पोंटा साहिब पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत यहां दर्ज कर ली गई है..'
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उत्तराखंड निहंग मामले को लेकर बातचीत हुई है। इस संवेदनशील मामले को लेकर मुख्यमंत्री बेहद गंभीर है। कुछ शरारती तत्व इस मामले को बिगाड़ने में लगे हैं। सोशल मीडिया पर गलत व भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। शनिवार को पांवटा साहिब पहुंचे हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव अंग्रेज सिंह ने पत्रकार वार्ता में ये बात कही। अंग्रेज सिंह ने बताया कि उत्तराखंड में हुए घटनाक्रम के बाद बिगड़े माहौल को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से बात की तथा पूरे मसले का हल निकालने को कहा है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी को भी उनके साथ ही पांवटा साहिब भेजा है। इस मामले को शांतिपूर्वक तरीके से समाधान करने के लिए आश्वस्त किया है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी हरियाणा के सदस्य हरमनप्रीत सिंह, सचिव गुरजीत सिंह व धर्म प्रचार अमरेंद्र सिंह तथा हरियाणा गुरुद्वारा आईटी प्रबंधन कमेटी के प्रभारी हरकीरत सिंह ने पत्रकार वार्ता में भाग लिया। उन्होंने कहा कि सभी धर्म समुदाय के भाई आपसी सौहार्द व भाईचारा को बनाए रखें। सोशल मीडिया पर गलत व भड़काऊ पोस्ट से कुछ लोग जहर घोलने का प्रयास कर रहे है। उत्तराखंड राज्य सरकार, अन्य राज्यों की सरकार व प्रशासन भी ऐसे लोगों पर अंकुश लगाया जाए।