यदि आप और आपके दोस्त वर्ल्ड हैरिटेज ट्रैक से शिमला घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। अब आप अपनी रेल कार किराये पर भी ले सकते हैं। बस आपको ऑर्डनरी किराये से 10 हजार रुपये कीमत अधिक चुकानी होगी। यह सुविधा रेल विभाग ने शुरू की है।
योजना के तहत आप 13,500 रुपये में रेल कार बुक करवा सकते हैं। बुकिंग के बाद समयसारिणी भी अपने अनुसार ले सकेंगे। बुकिंग रेल विभाग की साइट पर भी करवा सकते हैं। इसकी पुष्टि रेल कालका शिमला ट्रैक के वाणिज्य निरीक्षक अमर सिंह ठाकुर ने की है।
रेल कार की सीटें पूरी तरह मॉडिफाई की गई हैं। इसमें कुल 12 सीटें लगाई गई हैं। इसके अतिरिक्त पर्दे और अन्य सिस्टम भी नए लुक के साथ हैं। यात्री आम ट्रेनों से 40 मिनट पहले कालका से शिमला पहुंच सकेंगे। रेल कार शिमला पहुंचने में 4 घंटे 20 मिनट समय लेती है।
आम बुकिंग के लिए रेल कार में किराया 275 रुपये रखा गया है। विभाग की ओर से यह किराया हाल ही में बढ़ाया गया है। 20 प्रतिशत बढ़ोतरी के कारण यह दरें तय हुई हैं। इससे पूर्व 247 रुपये में यात्री शिमला पहुंचते थे। कार सुबह 5:10 बजे पर कालका से शिमला के लिए और शाम 4:25 बजे शिमला से कालका के लिए रवाना होती है।
जर्मनी मेड है कार की बॉडी
कालका-शिमला ट्रैक पर 1903 में अंग्रेजों ने सबसे पहले रेल दौड़ाई। उसके बाद उन्होंने 1922 में इस रेल कार को ट्रैक पर चलाया। इसमें अंग्रेजों के अधिकारी शिमला आते थे। कार की बॉडी जर्मनी में बनाई गई थी। करीब 90 साल के बाद भी वही बॉडी रखी गई है। केवल सीटें मॉडिफाई की गई हैं।