सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के लिए हिमाचल की टीम घोषित कर दी गई है। 15 सदस्यीय टीम की कमान हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने ऋषि धवन को सौंपी है। ऋषि इससे पहले रणजी ट्रॉफी में सफल कप्तानी कर चुके हैं और हिमाचल की टीम उनके नेतृत्व में बेहतर प्रदर्शन करते हुए बी पूल में दूसरे स्थान पर पहुंची है। एचपीसीए ने मयंक डागर को उप कप्तान बनाया है। टीम में कंवर अभिनय, शुभम अरोड़ा, एकांत सेन, मृदुल सरोच, आकाश वशिष्ठ, अर्पित गुलेरिया, वैभव अरोड़ा, आयुष जंवाल, सुमित वर्मा, मुकुल नेगी, दिवेश शर्मा, प्रशांत चोपड़ा और अंकुश बैंस भी शामिल हैं।
हिमाचल का पहला मुकाबला अरुणाचल से
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच 23 नवंबर से शुरू होंगे। हिमाचल का पहला मुकाबला अरुणाचल के साथ होगा। हिमाचल की टीम 20 नवंबर को मुंबई रवाना होगी। हिमाचल की टीम अपने पूल में सात लीग मैच खेलेगी। अगर टीम टॉप दो में रहती है तो नॉकआउट राउंड में जाएगी।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए 15 सदस्यीय टीम का चयन किया गया। ऋषि धवन को कप्तान नियुक्त किया गया है। अनुज पाल दास टीम के कोच होंगे। असीम नारंग और शकुन सैनी सहायक कोच नियुक्त किए गए हैं-
अवनीश परमार, सचिव, एचपीसीए