प्रदेश में जल्द भरे जाएंगे प्रवक्ता, टीजीटी और एनटीटी के पद
शिक्षामंत्री ने कंडाघाट में किया छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
कंडाघाट(सोलन)। शिक्षामंत्री रोहित ठाकुर ने छात्राओं का आह्वान किया कि वे शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी नियमित समय दें ताकि वह मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रह सकें। रोहित ठाकुर शुक्रवार को कंडाघाट स्कूल में अंडर-19 छात्राओं की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द प्रवक्ता और टीजीटी के 700 पद व लगभग 6200 एनटीटी अध्यापकों की नियुक्ति करेगी। मंत्री ने शिक्षण सत्र के मध्य अध्यापकों के स्थानांतरण पर रोक लगाने के लिए मुख्यमंत्री व अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार वर्तमान में छात्रों की संख्या और छात्र-अध्यापक अनुपात को बेहतर बनाने के लिए विद्यालयों के युक्तिकरण पर ध्यान दे रही है। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 15 हजार रुपये देने की घोषणा की। एडीपीओ अशोक बसु ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और खेलकूद प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रमेश ठाकुर, पथ परिवहन निगम के निदेशक मंडल के सदस्य अजय वर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित ठाकुर, बीडीसी सदस्य पुनीत शांडिल व लीला ठाकुर, एसडीएम कंडाघाट सिद्धार्थ आचार्य, उपनिदेशक उच्च शिक्षा डॉ. जगदीश नेगी, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा डॉ. शिव कुमार समेत कई अधिकारी व पदाधिकारी मौजूद रहे।