खरुणी गांव के टाहलीवाला क्षेत्र की घटना, मानसिक रूप से अस्वस्थ थी महिला
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर नालागढ़ अस्पताल में करवाया पोस्टमार्टम, जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। खरुणी गांव के तहत टाहलीवाला क्षेत्र में किराये के कमरे में रह रही 25 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टाहलीवाला में किराये के कमरे में रहने वाली वंदना कुमारी (25), पुत्री किशनपाल सिंह, मानसिक बीमारी से पीड़ित बताई जा रही थीं। 22 अक्तूबर को उसका शव कमरे की खिड़की में लगी स्टील की रॉड से चुन्नी के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नालागढ़ में पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। वहीं, परिजनों ने भी किसी पर संदेह जाहिर नहीं किया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी योगराज ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।