भूमति स्कूल में अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मार्च मास्ट की सलामी लेते हुए सीप
तीन दिवसीय खंडस्तरीय प्रतियोगिता में 415 खिलाड़ी ले रहे भाग
वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो समेत होंगी अन्य प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की(सोलन)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में भूमति में तीन दिवसीय अंडर-19 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को हुआ। इस मौके पर सीपीएस संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धा के युग में युवाओं को अपना लक्ष्य स्पष्ट निर्धारित करना चाहिए। इस तीन दिवसीय खंड स्तरीय खेल-कूद प्रतियोगिता में अर्की खंड के 28 विद्यालयों के 415 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ी वॉलीबाल, कब्बडी, खो-खो, बैडमिंटन, कुश्ती समेत अन्य खेलों में खेल प्रदर्शन करेंगे।
पहले दिन मार्चपास्ट से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। जिसमें सभी 28 स्कूलों के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट की सलामी दी। वहीं इस दौरान विद्यार्थियों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस दौरान सीपीएस ने कहा कि खेल विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि नशा एक क्षणिक सुख है जो विद्यार्थियों के भविष्य को अंधकार में धकेल देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि खेलों से अपना नाता जोड़ें और निरंतर अभ्यास कर एक बेहतर कल की ओर बढ़ें। मुख्य संसदीय सचिव ने थला के नाले में मोक्षधाम शेड निर्माण के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने आयोजन समिति को 21 हजार रुपए देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर भूमति के स्थानीय निवासी चेतराम वर्धन द्वारा उनकी धर्मपत्नी कांता देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव के माध्यम से मुख्यमंत्री रिलीफ फंड में एक लाख रुपए का चेक भेंट किया गया।