सनवारा टोल प्लाजा में रेंग-रेंग कर निकल रहे वाहन
कसौली, चायल के होटलों में रही 75 फीसदी ऑक्यूपेंसी
धर्मपुर-कसौली मार्ग पर गढ़खल के समीप लगता रहा जाम
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलनधर्मपुर। प्रदेश में मौसम साफ होने के बाद दूसरे राज्यों से पर्यटकों की आवाजाही बढ़नी शुरू हो गई है। रविवार को सुबह ही कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर वाहनों की अधिक आवाजाही रही। इसके चलते सनवारा टोल प्लाजा में भी दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। वहीं, यहां से वाहन रेंग-रेंग कर निकलते हुए गंतव्य की ओर गए। यही नहीं कसौली-धर्मपुर सड़क पर गढ़खल में जाम से स्थानीय लोगों समेत पर्यटकों को परेशानी झेलनी पड़ी है। हालांकि रविवार को कसौली और चायल में 75 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही। देर शाम तक कसौली में पर्यटकों की भीड़ देखने को मिली।
बरसात के कमजोर पड़ने के बाद प्रदेश में पर्यटक आना शुरू हो गए हैं। जबकि अगस्त में पर्यटकों की अधिक आवाजाही प्रदेश की ओर नहीं देखी जा रही थी। लोगों को भय था कि पिछले वर्ष की तरह प्रदेश में फिर परेशानी न झेलनी पड़े। लेकिन इस बार वर्षा काफी कम हुई। सितंबर के शुरुआत के पहले दिन रविवार को लोगों ने प्रदेश में खूब मौज मस्ती की। पर्यटक हिमाचल की हसीन वादियों का लुत्फ उठाते रहे। हिमाचल की ओर से वाहनों की अधिक आवाजाही होने के कारण सड़क पर पुलिस बल भी तैनात रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी।