सोलन। विधानसभा क्षेत्र सोलन की ग्राम पंचायत सतड़ोल में हिमाचल प्रदेश कोली समाज की ओर से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल के आगमन पर नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हमें देश के संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दी गई शिक्षाओं का अनुसरण करना चाहिए तथा संविधान में अपनी आस्था एवं अटूट विश्वास रखना चाहिए। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने मंजेश से श्मशान घाट संपर्क मार्ग के लिए 5 लाख की राशि सामुदायिक भवन सतड़ोल के पास सुरक्षा दीवार के लिए दो लाख और मुख्य सड़क से हरि सिंह के मकान तक संपर्क मार्ग के लिए दो लाख की राशि देने की घोषणा की।
इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री हिमाचल प्रदेश ने मां बगलामुखी गोवंश सेवा समिति ममलीग-सतडोल के सौजन्य से आयोजित गो कथा कार्यक्रम में शिरकत की और कथा का श्रवण भी किया। इसके बाद ममलीग में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने गोशाला ममलीग में सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए 5 लाख की राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को 10 दिन के भीतर कार्य आरंभ करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ममलीग ग्राम पंचायत की ओर से रखी गई मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने का आश्वासन दिया। ममलीग आश्रम में कथावाचक अशोक अंगीरस द्वारा तीन दिवसीय गो कथा कार्यक्रम के दौरान गो कथा का पाठ सुनाया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय कोली समाज के उपाध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप, अध्यक्ष सोलन विधानसभा क्षेत्र संजीव ठाकुर, डॉ. दीपाली, प्रधान ग्राम पंचायत पट्टा बराबरी हरीश समेत अन्य लोग मौजूद रहे।