गिरि विद्युत सब स्टेशन में खराबी आने से पानी की लिफ्टिंग बंद हो गई है
- फोटो : अमर उजाला
गिरि विद्युत सब स्टेशन में खराबी आने से पानी की लिफ्टिंग बंद हो गई है। इससे शहर और आसपास के करीब 100 गांवों में पानी की आपूर्ति ठप पड़ी है। सोमवार को गिरि से पानी लिफ्ट नहीं हो सका। इससे पानी स्टोर नहीं हो सका। लिहाजा नगर परिषद को पानी की सप्लाई शहर में बंद करनी पड़ी है। सुबह से पंद्रह वार्डों में पानी की सप्लाई नहीं छोड़ी गई। यदि फाल्ट ठीक हुआ तो मंगलवार सुबह पानी की सप्लाई बहाल होने की बात कही जा रही है।
शहर में 70 फीसदी पानी की आपूर्ति गिरि से ही होती है। आईपीएच विभाग के अधिकारियों का कहना है कि रविवार रात से ही गिरि सबस्टेशन में कोई मेजर फाल्ट आ गया। इससे पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा है। वहीं नगर परिषद का कहना है कि रविवार को भी आईपीएच द्वारा शहर को मात्र 18 लाख गैलन पानी ही दिया गया। इसे रविवार को ही वितरित कर दिया गया। कुछ स्टोरेज आपातकाल के लिए रखी गई है। ऐसे में अगर बिजली बोर्ड द्वारा फाल्ट को जल्द ठीक नहीं किया गया तो शहर में पानी की समस्या विकराल हो सकती है। शहर में पहले से ही 15 वार्डों में विभाजित लगभग 45 हजार की आबादी को एक दिन छोड़कर पानी मिल रहा है। अश्वनी से भी पानी की सप्लाई उतनी नहीं हो रही है जितने की जरूरत है।
नप के पास पेयजल वितरण
वर्तमान में शहर में पानी के मुख्य स्रोतों से स्टोरेज टैंकों तक पानी पहुंचाने का जिम्मा आईपीएच के पास है तो स्टोरेज टैंकों से लेकर शहर की आबादी तक पानी पहुंचाने का जिम्मा नप के पास है। ऐसे में बिजली बाधित होने से नप लिफ्टिंग न होने का तर्क देकर सप्लाई बंद कर रहा है। सोलन शहर की कुल 60 हजार की आबादी को रोजाना 30-35 लाख गैलन पानी की जरूरत पड़ती है। वहीं अश्वनी और गिरि का पानी आईपीएच विभाग द्वारा शहर तक पहुंचाया जाता है। इसके बाद नगर परिषद द्वारा शहर के सभी वार्डों में वितरण का कार्य किया जाता है।
विद्युत फाल्ट के चलते नहीं हुआ पानी लिफ्ट : एसडीओ
आईपीएच विभाग के एसडीओ दिनेश कुमार धीमान ने बताया कि गिरि में पंप हाउस के पास स्थित सबस्टेशन में रविवार रात कोई विद्युत फाल्ट आ गया। इसके चलते सोमवार को पानी लिफ्ट नही हो सका। विद्युत बोर्ड के कर्मचारी इस फाल्ट को ठीक करने में लगे हैं। जब तक फाल्ट ठीक नहीं हो जाता आईपीएच गिरि से पानी लिफ्ट कर पाने में असमर्थ है। नगर परिषद के जेई बीएस ठाकुर ने बताया कि गिरि से पानी लिफ्ट नहीं होने से सोमवार को शहर में पानी वितरित नहीं हो सका है। अश्वनी से भी पानी कम मात्रा में आ रहा है। इसके चलते शहर को कुछ दिन पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।