जाबली और चम्मो पंचायत के एक हजार परिवारों को बिजली के बिल जमा करवाने में किसी मुसीबत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
- फोटो : demo pic
जाबली और चम्मो पंचायत के एक हजार परिवारों को बिजली के बिल जमा करवाने में किसी मुसीबत का सामना नहीं करना पड़ेगा। विद्युत बोर्ड ने लोगों की मांग पर जाबली और बिजली के काउंटर बहाल कर दिए हैं। बोर्ड ने बिना किसी सूचना के काउंटर बंद कर दिए थे। 24 अक्तूबर को अमर उजाला के माध्यम से मुद्दा उठाते हुए ग्रामीणों ने यह सेंटर बहाल करने की मांग की।
लोगों का तर्क था कि तय समय पर बिजली का बिल जमा करवाने के लिए लोगों को 20 किमी का सफर तय करना पड़ रहा है। यहीं नहीं जब बोर्ड के आला अधिकारियों के पास उपभोक्ता समस्या के निदान के लिए जाते हैं तो उन्हें यह कह कर टाल दिया जाता है कि ऑनलाइन बिल जमा करवाओ। अधिकांश लोग न तो कंप्यूटर का ज्ञान रखते हैं और न ही इन क्षेत्रों में कोई साइबर कैफे है।
ऐसे में लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। काउंटर बहाल होने पर प्रधान दुनीचंद धीमान, उपप्रधान विनय, चम्मो पंचायत के उपप्रधान पवन शर्मा, जिला शिकायत निवारण समिति के सदस्य भूपेंद्र ठाकुर, ओम प्रकाश, मायादत्त, वरिष्ठ नागरिक संघ के प्रधान गंगा राम अत्रि और पूर्व उपप्रधान नरेश अत्रि ने बोर्ड का आभार जताया है।
उन्होंने पहले भी सरकार से जाबली में बिजली बिल जमा करने के लिए पहले की तरह अस्थाई रूप से काउंटर खोलने की मांग की थी। इसके बाद क्षेत्र में बिल जमा करवाने के लिए काउंटर को खोला गया। लेकिन काफी समय से काउंटर बंद होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। चम्मो पंचायत के करीब 300 परिवार और जाबली के 730 परिवार के लोगों को बिजली बिल जमा करवाने के लिए अपने गांव से करीब बीस किलोमीटर का सफर कर परवाणू जाना पड़ रहा था।