सोलन के कोटलानाला में टैंकर से पानी भरते दुकानदार। संवाद
- फोटो : SOLAN
परवाणू (सोलन)। गर्मी के चलते औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में पेयजल संकट गहरा गया है। क्षेत्र को सप्लाई देने वाली एकमात्र मुख्य योजना कौशल्या खड्ड में जलस्तर 50 फीसदी तक कम हो गया है। इससे अब परवाणू और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को तीसरे दिन पानी की सप्लाई दी जा रही है। परवाणू शहर में हिमुडा पानी की सप्लाई करता है। परवाणू शहर में सप्लाई के लिए रोजाना आठ से नौ लाख गैलन पानी की जरूरत होती है, जबकि अभी यहां पर पांच से छह लाख गैलन पानी ही मिल पा रहा है। लगातार गहरा रहे जलसंकट को देखते हुए अधिकांश लोग टैंकरों से पानी खरीद रहे हैं जो महंगा पड़ रहा है।
गौर रहे कि परवाणू शहर की आबादी करीब 50,000 है। यहां पर कई उद्योगों के साथ भारी संख्या में प्रवासी मजदूर रहते हैं। एकमात्र कौशल्या खड्ड से ही पानी की सप्लाई की जाती है। यदि एक सप्ताह बारिश नहीं होती है तो जलस्तर और नीचे चला जाएगा जिससे फिर चार से पांच दिन बाद पानी की सप्लाई मिलेगी।
उधर, हिमुडा के एसडीओ राजेश चौहान ने बताया कि परवाणू में पानी की सप्लाई का एकमात्र स्रोत कौशल्या खड्ड बारिश न होने के कारण 50 फीसदी सूख गई है। इससे अब पानी की सप्लाई तीसरे दिन कर दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे पानी की बरबादी न करें।
चेकडैम में नहाते पकड़े लोग, चालान काटे
मंगलवार को कौशल्या खड्ड में बने चेकडैम में सात लोगों को पुलिस ने नहाते हुए पकड़ा। इसी चेकडैम से परवाणू शहर को पानी की सप्लाई दी जाती है। पुलिस ने मौके पर ही इन लोगों के चालान काटे। साथ ही हिदायत दी कि यदि दोबारा खड्ड में नहाते हुए पकड़े गए तो नियमों के तहत कार्रवाई होगी।
कौशल्या खड्ड पर पानी की आपूर्ति के लिए बना चेकडैम। इसमें दिन प्रतिदिन पानी कम होता जा रहा है। संव?- फोटो : SOLAN