संवाद न्यूज एजेंसी
परवाणू (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में शहरवासियों को पानी के बिल जमा करवाने के लिए लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा। अगले महीने से शहर में पानी के बिल ऑनलाइन जमा होंगे। लोगों को सुविधा देने के लिए हिमुडा ने एसबीआई के साथ करार किया है।
मई में बिल ऑनलाइन जमा हो सकेंगे। परवाणू शहर में पानी का वितरण हिमुडा करता है। लोगों को पानी के बिल भी हिमुडा से जारी किए जाते हैं। अब तक लोगों को बिल जमा करवाने के लंबी कतारों में लगना पड़ता है।
इसे लेकर लोग लंबे समय से बिल जमा करवाने की ऑनलाइन सुविधा मांग रहे थे। इसे हिमुडा ने पूरा कर दिया है। गर्मियों में पानी की बर्बादी को लेकर भी हिमुडा सख्त हो गया है। घरों में लगी टंकियों से पानी का ओवरफ्लो होने से कनेक्शन काटने के फरमान जारी कर दिए हैं। इसी के साथ पानी का प्रेशर बढ़ाने के लिए हिमुडा की ओर से कार्य करवाया जा रहा है।
उधर, हिमुडा के अधिशासी अभियंता ई. राजेश ठाकुर ने बताया कि पानी के बिलों को ऑनलाइन जमा करने के लिए एसबीआई से अनुबंध किया है। मई से पानी बिल ऑनलाइन जमा हो सकेंगे। वहीं बहुमंजिला भवनों में छत पर लगी टंकियों में प्रेशर से पानी पहुंचाने का प्रयास है। पहले चरण में सेक्टर-6 के ब्लॉक नंबर 52, 53, 54, 55 से ग्राउंड फ्लोर पर लगी टंकियों को हटाना पड़ेगा। हर साल 10 प्रतिशत से बढ़ने वाले पानी के रेट इस साल अभी नहीं बढ़ाए गए हैं।