संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। दिवाली पर चले पटाखों के धुएं ने वातावरण को प्रदूषित कर दिया है। इसका असर सीधा लोगों की सेहत पर पड़ना शुरू हो गया है। दिवाली के बाद बढ़े प्रदूषण से जिले में लोग वायरल से ग्रसित हो रहे हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल समेत जिले के सीएचसी और पीएचसी में ओपीडी भी अचानक बढ़ गई है। ओपीडी में अधिकतर मरीज खांसी, जुकाम, बुखार, शरीर दर्द और गला दर्द के मरीज आ रहे हैं।
अधिकतर मरीजों को प्रदूषण का प्रभाव गले पर डाला है और गला दर्द होने के बाद अन्य बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मरीजों को ठीक होने में भी काफी समय लग रहा है।
जिला भर के अस्पतालों में रोजाना 50 से अधिक पीड़ित उपचार के लिए पहुंच रहे हैं जबकि क्षेत्रीय अस्पताल में मेडिसन ओपीडी 250 पहुंच गई है। इससे पहले अस्पताल में 150 की ओपीडी रहती थी। दिवाली के बाद से एकाएक ओपीडी बढ़ गई है।
दिवाली पर लोगों ने जमकर पटाखे चलाए। इस कारण वातावरण में धुआं है जो सांस से शरीर में जा रहा है। इस कारण जिले भर में वायरल बढ़ने लगा है।
रोजाना बढ़ते जा रहे मामलों को लेकर विभाग भी अलर्ट है। हालांकि स्वास्थ्य महकमे ने जिले के अस्पतालों में वायरल की दवाइयों की आपूर्ति कर दी है।
मास्क का करें प्रयोग
जिला स्वास्थ्य विभाग ने वायु प्रदूषण के कारण बढ़े वायरल के मामलों को लेकर फिर मास्क लगाने का आग्रह किया है। वायरल से ग्रसित मरीजों को तुरंत चिकित्सक की सलाह लेने के लिए कहा है। इसी के साथ वायरल होने पर बिना चिकित्सक की सलाह दवाई का सेवन करने से भी मना किया है।
उबले हुआ पानी का करें सेवन
दिवाली के बाद धुआं अधिक होने से जिले में खांसी, जुकाम, बुखार, गला दर्द और शरीर दर्द के मामले बढ़े है। लोगों से आग्रह है कि मास्क का प्रयोग करें और उबले हुए पानी का सेवन करें। वायरल से पीड़ित होने पर चिकित्सक की सलाह जरूर लें।
-डॉ. अनुज कुमार गुप्ता, एमडी मेेडिसन, क्षेत्रीय अस्पताल