सोलन सपरून चौक पर अंडरपास से होकर गुजरते वाहन। संवाद
- फोटो : SOLAN
सोलन। सपरून चौक बाइपास सोलन में अंडरपास ब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद भी शहर से जाने वाले वाहन कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर सीधे नहीं जा पाएंगे। इसमें शहर से परवाणू और शिमला की तरफ जाने वाले वाहन शामिल होंगे। जबकि शहर की तरफ आने वाले वाहन वर्तमान की तरह ही आवाजाही कर सकेंगे।
सोलन से परवाणू और शिमला की ओर जाने के लिए वाहनों को गुरुद्वारा बाईपास से गुजरना होगा। इसके बाद वे एनएच से जुड़ सकेंगे। यह निर्णय बाईपास में तैयार किए जा रहे अंडरपास ब्रिज के चलते लिया गया है। नवंबर तक इस ब्रिज का काम पूरा हो जाएगा। इस समय जगह के अभाव से यहां पर ओवरपास ब्रिज नहीं बन पा रहा है। राहगीरों के लिए फुटपाथ तैयार करने का खाका भी कंपनी तैयार कर रही है। इसे जल्द ही कंपनी की ओर से एनएचएआई को भेजा जाएगा।
परवाणू-सोलन फोरलेन में सपरून चौक पर अंडरपास ब्रिज के निर्माण के चलते सोलन से परवाणू और शिमला जाने के लिए असमंजस बन गया था। चालकों को कोई परेशानी न हो इसके लिए एनएचएआई ने प्रारूप तैयार किया है। इसे समझाने के लिए सूचना पट्ट लगाए जा रहे हैं। इससे पहले कंपनी की ओर से सीधी कनेक्टिविटी को लेकर ड्राइंग तैयार की गई थी। लेकिन अंडरपास ब्रिज के साथ रेलवे ट्रैक होने के कारण फ्लाईओवर का निर्माण नहीं कर पा रही है।
फोरलेन निर्माता कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर बलविंद्र सिंह ने बताया कि जगह की कमी के चलते शहर से परवाणू और शिमला जाने वाले वाहनों को सीधी कनेक्टिविटी देना मुश्किल है। इसके लिए यह प्रावधान किया गया है।