यूको बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सोलन (यूको आरसेटी) वित्त वर्ष 2017-18 में 20 विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से 500 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान करेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रमों की अवधि 10 दिन से 30 दिन की रहेगी।
सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम नि:शुल्क होंगे। गरीबी रेखा से नीचे रह रहे परिवारों के उम्मीदवारों को ग्रामीण क्षेत्र से संस्थान तक आने का बस किराया भी प्रदान किया जाएगा। इसकी पुष्टि यूको आरसेटी के निदेशक सुभाष शर्मा ने की है। यूको आरसेटी जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रहा है।
अप्रैल 2017 में जूट उत्पाद निर्माण तथा आचार, पापड़ एवं मसाला बनाना, मई माह में ब्यूटी पार्लर प्रबंधन, जून में महिला दर्जी (वूमैन टेलर), जुलाई माह में हलके वाहनों को चलाने का प्रशिक्षण तथा फास्ट फूड स्टॉल उद्यमी, अगस्त में आचार, पापड़ एवं मसाला बनाना तथा फूलों की व्यावसायिक खेती, सितंबर माह में कंप्यूटराइज्ड अकाउंटिंग तथा कृषि उद्यमी, अक्तूबर में डेयरी फार्मिंग एवं वर्मी कंपोस्ट बनाना, फोटोग्राफी तथा वीडियोग्राफी, नवंबर में ब्यूटी पार्लर प्रबंधन एवं मशरूम खेती, दिसंबर में औषधीय एवं खुशबूदार पौधों की खेती तथा मशरूम खेती, जनवरी 2018 में कंप्यूटराइज्ड अकाउंटिंग, फरवरी में हलके वाहनों को चलाने का प्रशिक्षण, मार्च में महिला दर्जी (वूमैन टेलर) तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जानकारी के लिए उम्मीदवार दूरभाष नंबर 01792-220936 पर संपर्क कर सकते हैं। इन कार्यक्रमों के लिए 18 से 45 वर्ष के मध्य आयु वर्ग के बेरोजगार उम्मीदवार आवेदन के पात्र होंगे।