दाड़लाघाट में धरने पर बैठे ट्रक ऑपरेटर।
- फोटो : SOLAN
दाड़लाघाट(सोलन)। ट्रक ऑपरेटरों ने अंबुजा सीमेंट मामले में माल ढुलाई विवाद का हल दो दिन में निकालने का अल्टीमेटम दिया है। हल न निकलने पर ट्रक ऑपरेटर यूनियन सहकारी सभाओं और एनएच पर चक्का जाम और महापंचायत करेगी। इसके लिए सोमवार को बैठक कर निर्णय भी लिया जाएगा।
सभाओं के ट्रक ऑपरेटर माल भाड़े की दरों को लेकर लगातार 33 दिनों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार को भी सैकड़ों ट्रक ऑपरेटर अंबुजा सीमेंट कंपनी के मुख्य द्वार पर एकत्रित हुए और अदाणी समूह के विरुद्ध रोष प्रकट किया। ट्रांसपोर्टर्स की ओर से विशाल आक्रोश रैली अंबुजा गेट से दाड़लाघाट बस स्टैंड तक निकाली। इस दौरान अदाणी समूह के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी करते हुए अंबुजा चौक पर पहुंचे।
एसडीटीओ के कोषाध्यक्ष राम कृष्ण बंसल ने कहा कि कंपनी को बंद हुए 33 दिन हो गए हैं। लेकिन सरकार की ओर से गठित कमेटी का अभी तक कोई भी निर्णय संघर्ष समिति तक न पहुंच पाना अति दुखद है। उन्होंने कहा कि अगर बुधवार तक कोई निर्णय नहीं होता है तो बुधवार के बाद चक्का जाम और महापंचायत करने के लिए वह बाध्य होंगे।
उन्होंने कहा कि इन दिनों सोमवार से सोशल मीडिया पर प्लांट शुरू करने की अफवाह जोरों पर चल रही हैं, जिसमें कई तरह के रेट की बात हो रही है, उसे हम कोरी बकवास मानते हैं।
उन्होंने ऐसी किसी सूचना से इनकार करते हुए सोशल मीडिया में चल रही खबर का सिरे से खंडन किया है। उन्होंने सभी ट्रांसपोर्टरों से ऐसी अफवाहों या भ्रामक खबरों पर भरोसा न करने का आह्वान भी किया है। कहा है कि अभी आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। सभी अपने-अपने मोर्चे पर डटे रहें। उन्होंने कहा कि सरकार उनके पक्ष में एक या दो दिनों में कोई फैसला ले। अन्यथा बुधवार से ट्रक ऑपरेटर कड़े रुख अपनाने को विवश हो जाएंगे।